
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गांधीनगर इलाके में एक होटल संचालक द्वारा घरेलू सिलिंडरों का दुरुपयोग करने के मामले में एफआइआर दर्ज करने की तैयारी चल रही है। खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान 22 सिलिंडर पकड़े थे, जिनके बिल संचालक उपलब्ध नहीं करवा पाया था। इसकी जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट एडीएम न्यायालय में पेश कर दी है, जहां से संचालक के खिलाफ एफआइआर के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार घरेलू व व्यावसायिक सिलिंडरों की कालाबाजारी करने की शिकायतों के बीच पिछले दिनों खाद्य विभाग की टीम ने गांधीनगर स्थित देवश्री स्वीट्स होटल पर निरीक्षण किया था। जहां पर 17 घरेलू सिलिंडर और पांच व्यावसायिक सिलिंडर रखे हुए मिले थे। इनके बारे में होटल संचालक से बिल आदि मांगे गए थे, लेकिन वह उपलब्ध नहीं करवा पाया था। इससे टीम ने प्रकरण बनाकर जांच शुरू कर दी थी।
जांच में पता चला कि होटल संचालक द्वारा अवैध रूप से घरेलू सिलिंडरों का दुरुपयोग किया जा रहा था, उसके पास व्यावसायिक सिलिंडर का भी कोई रिकार्ड नहीं था। ऐसे में अपर कलेक्टर के न्यायालय में रिपोर्ट पेश कर दी है, संचालक के खिलाफ जल्द ही गांधीनगर पुलिस आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करेगी।
यह भी पढ़ें- छिंदवाड़ा की गुरैया मंडी में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से 12 दुकानें जलकर खाक, प्याज के गोदामों में भारी नुकसान
तीन किलो गैस कम मिलने के मामले में जल्द होगी कार्रवाई। सूखीसेवनिया के इमलिया इलाके में स्थित सैनी इंडेन गैस गोदाम पर ट्रक में भरे सिलिंडरों की खाद्य विभाग ने नापतौल की टीम से जांच करवाई थी। इस दौरान 27 सिलिंडर में तीन किलोग्राम कम गैस और पांच सिलिंडरों में सील नहीं मिली थी। इससे टीम ने एजेंसी संचालक व ट्रक चालक के बयान दर्ज कर लिए हैं और वहीं इंडेन कंपनी से रिकार्ड मांगा है। मामले की जांच अंतिम चरण में चल रही है, जिसके बाद गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में सिलिंडरों की कालाबाजारी, दुरुपयोग करने वाले एजेंसी संचालक, होटल मालिक, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। गांधीनगर में देवश्री स्वीट्स के मालिक पर एफआइआर दर्ज करवाई जा रही है तो वहीं सिलिंडरों में गैस कम मिलने के मामले की जांच अंतिम चरण में चल रही है।- चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक