भोपाल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई... पंजाब मेल से आईं 5 महिलाओं समेत 7 तस्कर गिरफ्तार
राजधानी में सक्रिय गांजा तस्करी नेटवर्क पर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब मेल ट्रेन से गांजा लेकर आए सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। इ ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 20 May 2026 10:28:43 PM (IST)Updated Date: Wed, 20 May 2026 10:54:02 PM (IST)
पंजाब मेल से आए 5 महिलाओं समेत 7 तस्कर गिरफ्तारनईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में सक्रिय गांजा तस्करी नेटवर्क पर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब मेल ट्रेन से गांजा लेकर आए सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच महिलाएं शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब 36 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है।
तस्कर ओडिशा से गांजे की खेप लेकर भोपाल पहुंचे थे और द्वारका नगर आउटर पर उतरकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन क्राइम ब्रांच ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर सभी को दबोच लिया।
काली मंदिर के पास घेराबंदी, फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचे गए तस्कर
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ महिला और पुरुष तस्कर पंजाब मेल ट्रेन से भारी मात्रा में गांजा लेकर भोपाल आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने स्टेशन बजरिया स्थित कोच फैक्ट्री काली मंदिर के पास घेराबंदी की।
इसी दौरान संदिग्ध आउटर से उतरकर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के बैग, झोले और प्लास्टिक की बोरियों से ब्राउन टेप में पैक गांजे के पैकेट मिले। पुलिस ने कुल 36 किलो गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
घरेलू सामान की आड़ में छिपाई थी खेप, करारिया जंगल के रास्ते होनी थी सप्लाई
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी घरेलू सामान जैसे प्लास्टिक की टोकरी, तगाड़ी, बाल्टी और टब लेकर चल रहे थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। आरोपी करारिया जंगल के रास्ते छोला और आसपास के इलाकों में गांजे की सप्लाई करने वाले थे।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल सौदा, रवि मेसकर, रचना सौदा, सीमा सौदा, निधि सौदा, काजल मेसकर और आरती ऊंटबार शामिल हैं।
लंबे समय से सक्रिय था गिरोह, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से बाहरी राज्यों से गांजा लाकर भोपाल में सप्लाई कर रहा था। थाना क्राइम ब्रांच में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में शादी का झांसा देकर दो साल तक शोषण, दोस्तों के साथ संबंध बनाने का बनाया दबाव