
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र में एक पब के बाहर एंट्री को लेकर हुआ विवाद हिंसक घटना में बदल गया। आरोप है कि पब में प्रवेश नहीं मिलने से नाराज युवक कुछ देर बाद कार लेकर लौटा और बाउंसरों को टक्कर मारने की कोशिश की। बाउंसर तो बच गया, लेकिन वहां खड़ा एक अन्य युवक कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार गुरुवार देर रात करीब एक बजे होंडा शोरूम के सामने स्थित ‘द मिड नाइट कैफे’ में कुछ युवकों और बाउंसरों के बीच विवाद हो गया था। पब बंद होने का समय होने के कारण बाउंसरों ने युवकों को अंदर जाने से मना कर दिया। इस बात पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और कहासुनी होती रही।
बताया जा रहा है कि विवाद में आदित्य शर्मा और उसके साथी शामिल थे। वहीं पब में मौजूद उत्कर्ष पटेल और उसके साथी भी बीच-बचाव और बहस के दौरान वहां मौजूद थे। कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और अधिकांश लोग वहां से चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के बाद एक युवक तेज रफ्तार एसयूवी लेकर वापस आया और बाउंसरों की ओर वाहन दौड़ा दिया।
यह भी पढ़ें- छिंदवाड़ा में बिजली खंभे पर काम कर रहा मजदूर तार टूटने से गिरा, पोल के नीचे दबने से सीना कुचला; मौत
बाउंसर ने फुर्ती दिखाते हुए डिवाइडर पर कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन पिपलानी निवासी उत्कर्ष पटेल वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।