भोपाल में डॉयल 112 के जवानों ने देवदूत बनकर बचाई कार ड्राइवर की जान, समय पर कांच तोड़कर निकाला और दिया CPR
चलती कार में हार्ट अटैक आने से हुए चालक को पुलिसकर्मियों ने गाड़ी से बाहर निकाला और मौके पर ही सीपीआर देकर उसकी जान बचा ली। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 04 Mar 2026 01:06:55 AM (IST)Updated Date: Wed, 04 Mar 2026 03:04:39 AM (IST)
डॉयल 112 की टीम ने सीपीआर देकर बचाई ड्राइवर की जान (सांकेतिक फोटो)HighLights
- चलती कार में ड्राइवर को आया हार्ट अटैक
- फरिस्ता बनकर पहुंचे डॉयल 112 के कर्मी
- मौके पर सीपीआर देकर बचाई ड्राइवर की जान
नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल: राजधानी के टी.टी. नगर थाना क्षेत्र में डॉयल 112 की टीम ने अपनी तत्परता और सूझबूझ से एक व्यक्ति को जीवनदान दिया। चलती कार में हार्ट अटैक आने के कारण अचेत हुए चालक को पुलिसकर्मियों ने न केवल समय रहते गाड़ी से बाहर निकाला, बल्कि मौके पर ही सीपीआर देकर उसकी उखड़ती सांसों को थाम लिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5 बजे डॉयल 112 को सूचना मिली कि एक कार में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक उमेश पटेल और चालक आशीष कुमार बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कार स्ट्राट है और अंदर से लॉक थी, चालक सीट पर बेसुध पड़ा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तत्काल कार का कांच तोड़ा और व्यक्ति को बाहर निकाला। बाहर निकालने पर व्यक्ति की पल्स काफी कम थी। बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए, प्रआर उमेश पटेल और आशीष ने तत्काल उसे सीपीआर देना शुरू किया। कुछ ही मिनटों की मशक्कत के बाद व्यक्ति के शरीर में हलचल हुई और वह होश में आने लगा। इसके बाद उसे तुरंत शासकीय जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।
हार्ट अटैक के कारण बिगड़ी थी हालत
अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की पहचान नया बसेरा, कोटरा निवासी 40 वर्षीय सचिन राठौर के रूप में हुई है। स्वजनों के अनुसार, सचिन पेशे से ड्राइवर है और वह अपने परिचित की कार लेकर निकला था, तभी अचानक उसे दिल का दौरा पड़ गया।