
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार पर भाजपा मंथन में जुटी हुई। इस बीच भोपाल क्राइम ब्रांच ने पार्टी के ही तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर नया राजफाश किया है। सामने आया है कि उपचुनाव के लिए मतदान से पहले गुरुवार को दतिया में भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा के निष्कासन का फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था।
यह फर्जी पत्र जिले के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को भ्रमित करने के उद्देश्य से वायरल किया गया। जांच के बाद इस साजिश के लिए क्राइम ब्रांच ने भाजपा के दतिया जिला मीडिया प्रभारी शादाब, नगर उपाध्यक्ष शाहरूख और एक कार्यकर्ता क्रिश रावत को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को न्यायालय में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया। वायरल फर्जी पत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नाम से उनके हस्ताक्षर बनाकर तैयार किया गया था। इसमें दतिया के भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में तत्काल प्रभाव से पद से हटाने और पार्टी से निष्कासित करने का उल्लेख था।
इस कूटरचित पत्र में न तो कोई आधिकारिक क्रमांक दर्ज था और न ही तिथि अंकित थी। माना गया कि इस फर्जी पत्र को मतदान के दिन बड़ी संख्या में वाट्सएप ग्रुप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल किया गया, जिससे राजनीतिक हलकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
क्राइम ब्रांच ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपितों की पहचान की। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें दतिया से गिरफ्तार किया गया। शाहरूख खान को उसके कार्यालय से जबकि शादाब को ठंडी सड़क क्षेत्र से पुलिस ने पकड़ा गया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसे बहुप्रसारित करने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। इसके साथ ही आरोपितों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।