
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नोएडा की त्विषा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध मौत के बहुचर्चित मामले की जांच में जुटी पुलिस को एक ब्यूटी पार्लर का वीडियो फुटेज मिला है। इसके अनुसार, अपने घर से महज 100 मीटर दूरी पर स्थित इस ब्यूटी पार्लर में 12 मई को मौत से करीब चार घंटे पहले ही त्विषा ने सर्विस ली थी। इसमें त्विषा पूरी तरह से रिलेक्स मूड में नजर आ रही थी। बताया जा रहा है कि त्विषा 15 मई को अपने भाई के पास अजमेर जाने वाली थी। इसके लिए उसने टिकट भी करवा लिया था। उससे पहले वह ब्यूटी पार्लर पहुंची थी।
पार्लर संचालिका किरण ने पुलिस को बताया कि त्विषा अक्सर उसके पार्लर में आती थी। 12 मई को भी वह दोपहर करीब तीन बजे पार्लर पहुंची थी। वहां उसने पेडिक्योर, मसाज और त्वचा संबंधी अन्य सेवाएं ली थीं। किरण के अनुसार, सेवाओं के ब्रेक के दौरान हमने काफी देर तक उनसे बात भी की थी। उन्होंने फिल्मों और वेबसीरीज को लेकर बातचीत की थी। यहां करीब तीन घंटे बिताने के बाद वह घर लौट गईं।
वहीं, अगले दिन पांच वकील उनके पास पहुंचे थे। उन्होंने त्विषा के पार्लर आने को लेकर पूछा और फिर वीडियो देखकर चले गए। बाद में पुलिस ने पार्लर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज लिए थे। हालांकि यह साफ नहीं हो सका है कि अगले दिन वीडियो देखने के लिए पार्लर में पहुंचे वकील कौन थे और उन्हें किसने भेजा था। पुलिस का अनुमान है कि संभव है, त्विषा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला ने इन वकीलों को कोई जानकारी जुटाने के लिए भेजा होगा। पुलिस अपनी जांच में इस तथ्य को भी शामिल करेगी।
वहीं, आरोपित पति समर्थ सिंह को भोपाल जिला अदालत ने शनिवार को सात दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। कोर्ट ने समर्थ का पासपोर्ट जब्त करने के भी निर्देश दिए हैं। बता दें कि शुक्रवार शाम जबलपुर जिला कोर्ट परिसर से हिरासत में लेने के बाद पुलिस समर्थ सिंह को लेकर देर रात भोपाल पहुंची थी।
भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि फरार रहने के दौरान किन लोगों ने समर्थ की मदद की, उसे शरण दी, उनकी भी पहचान की जाएगी। त्विषा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह को लेकर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस उन्हें तीन बार पूछताछ के लिए नोटिस भेज चुकी है। वह नहीं आ रही हैं इसलिए उनकी अग्रिम जमानत रद करवाने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया गया है।
वहीं, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा त्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश के बाद शनिवार को एम्स दिल्ली ने चार वरिष्ठ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड गठित कर दिया। एम्स दिल्ली के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि यह बोर्ड भोपाल एम्स में रखे त्विषा के शव का रविवार सुबह पोस्टमार्टम करेगा। शनिवार देर शाम राज्य चार्टर्ड विमान से बोर्ड के डॉक्टर भोपाल पहुंच गए।
शासन की ओर से हाई कोर्ट के संज्ञान में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य लाए गए हैं। कोर्ट को बताया गया है कि त्विषा की सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की है। हाई कोर्ट ने इस सिलसिले में गिरिबाला को नोटिस जारी किया है। सोमवार को इसी बिंदु पर सुनवाई होगी। राज्य की ओर से साक्ष्यों से छेड़छाड़ के संदेह के आधार पर गिरिबाला की अग्रिम जमानत निरस्त करने की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें- त्विषा शर्मा की मौत से ठीक पहले का VIDEO वायरल, सैलून मालिक का दावा- गिरिबाला सिंह ने अगले दिन मांगी CCTV फुटेज
उल्लेखनीय है कि नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय ट्विशा गत 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल में फांसी पर लटकी पाई गई थी। मायके वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाते हुए पति अधिवक्ता समर्थ सिंह और सास सेवानिवृत्त जिला सत्र न्यायाधीश और भोपाल की जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। प्रदेश सरकार जांच के लिए एसआइटी गठित कर चुकी है, लेकिन अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय गृह मंत्रालय से सीबीआइ जांच की अनुशंसा की गई है।