भोपाल के रिटायर्ड IAS मर्डर केस में बड़े खुलासे: ₹1 करोड़ की धोखाधड़ी का एंगल, गुरुग्राम कनेक्शन और आगरा में मिला मोबाइल
राकेश अग्रवाल की हत्या के बाद गायब मोबाइल आगरा में एक व्यक्ति के पास मिला। क्राइम ब्रांच ने पटियाला में वरुण के पिता और सौतेली मां से भी पूछताछ की है।
Publish Date: Thu, 01 Oct 2026 10:01:21 PM (IST)Updated Date: Thu, 01 Oct 2026 10:35:55 PM (IST)
आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार पर राकेश की हत्या का आरोप है, उसका घर गुरुग्राम से 250 किलोमीटर दूर है। फाइल फोटो।HighLights
- राकेश अग्रवाल ने गुरुग्राम निवासी अजीत पाटनी के खिलाफ कराया था केस
- 1 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का ट्रायल इसी महीने शुरू होना था
- हत्या के बाद गायब मोबाइल आगरा में एक व्यक्ति के पास मिला
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की भोपाल स्थित घर पर हत्या में धोखाधड़ी के एक विवाद का एंगल भी सामने आ रहा है। राकेश ने हरियाणा के गुरुग्राम निवासी एक व्यक्ति के झांसे में आकर एक करोड़ रुपये का निवेश किया था।
विवाद हुआ तो इस मामले में आरोपित अजीत पाटनी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करा दिया। वह जेल गया और जमानत पर है। इसी महीने इस केस का ट्रायल शुरू होना था।
आरोपी का घर गुरुग्राम के पास
जिस केयरटेकर वरुण कुमार पर राकेश की हत्या का आरोप है, उसका घर गुरुग्राम से 250 किलोमीटर दूर है। हत्या के मामले में पुलिस इस विवाद पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है।
हालांकि पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने इस मामले और हत्या में किसी भी तरह की समानता से फिलहाल इन्कार किया है।
अंगूठियां और घड़ियां गायब
इस बीच, स्वजन ने गुरुवार को पुलिस को बताया कि सोने की चेन, अंगूठियां और अलमारी में रखी चार बेशकीमती घड़ियां गायब हैं। वहीं, राकेश अग्रवाल का बेटा सिद्धांत अपनी पत्नी के साथ अमेरिका से भोपाल पहुंच गया। पेशे से इंजीनियर सिद्धांत ने दो साल पहले एक अमेरिकी युवती से विवाह किया था।
फरार है आरोपी
बता दें कि 1982 बैच के आईएएस अधिकारी रहे 72 वर्षीय राकेश अग्रवाल की भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर स्थित घर में बुधवार को तड़के सोते समय गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपित ने रसोई में रखे एलपीजी सिलेंडर का रेगुलेटर खोलकर आग लगाने की भी कोशिश की थी।
पुलिस इस मामले में घर पर काम करने वाले केयरटेकर वरुण कुमार को मुख्य संदिग्ध मानकर उसकी तलाश कर रही है। वह घटना के बाद से फरार है।
आरोपित केयरटेकर को कुछ दिन पहले ही एक एजेंसी के जरिए काम पर रखा गया था। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अपनी पत्नी के साथ घर में रहते थे। घटना के समय पत्नी दूसरे कमरे में सो रही थीं।
आगरा में मिला मोबाइल
मृतक राकेश अग्रवाल का लूटा हुआ मोबाइल आगरा के एक व्यक्ति के पास चालू हालत में मिला। भोपाल पुलिस को उस व्यक्ति ने बताया कि उसे मोबाइल एक जगह पड़ा मिला। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद केयरटेकर वरुण ने ही मोबाइल आगरा में किसी को सस्ते दाम पर बेच दिया होगा और बाद में वह किसी अन्य व्यक्ति के पास पहुंच गया।
पटियाला में आरोपित केयरटेकर के पिता और सौतेली मां से पूछताछ
भोपाल क्राइम ब्रांच की टीम गुरुवार को पटियाला के नाभा स्थित आशा कॉलोनी में हत्यारोपित केयरटेकर वरुण के घर पहुंची। यहां उसके पिता गब्बर कुमार और सौतेली मां से पूछताछ की गई। उसकी सगी मां की काफी पहले मौत हो चुकी है।
पिता ने बाद में दो शादियां कीं। तीसरी पत्नी उनके रिश्तेदार की पूर्व पत्नी बताई गई है। जांच में सामने आया है कि वरुण कर्नाटक और राजस्थान में भी नौकरी कर चुका था। बीते करीब एक साल में उसने कई सिम कार्ड खरीदे थे।
उप्र का रहने वाला है वरुण, पटियाला में बहन के पते पर बनवाए सभी दस्तावेज
आरोपी वरुण कुमार मूलत: उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पटियाला में आधार कार्ड समेत उसके अन्य जरूरी दस्तावेज जिस पते पर बनाए गए थे, वह उसकी बड़ी बहन का निकला। पुलिस उसके पिता गब्बर कुमार और सौतेली मां से पूछताछ कर सकती है।
जांच में सामने आया है कि वरुण लंबे समय से घर नहीं आया था और अलग-अलग शहरों में रहकर काम करता था। उसकी मां की काफी पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद पिता ने दूसरी शादी की थी।
बताया गया है कि उनकी तीसरी पत्नी एक रिश्तेदार की पूर्व पत्नी है। उधर, पटियाला के नाभा के डीएसपी गुरिंदर सिंह बल ने बताया कि भोपाल पुलिस ने उनसे संपर्क किया है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि वरुण मूलत: उत्तर प्रदेश का निवासी है और नाभा में रहने वाली अपनी बहन के पास रहता था। उसके पूरे विवरण की जांच की जा रही है।