नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल में गैस सिलिंडर सप्लाई व्यवस्था में आंशिक सुधार जरूर हुआ है, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग की समस्या अभी भी बनी हुई है। ऐसे में उपभोक्ताओं को एजेंसियों पर ऑफलाइन बुकिंग करानी पड़ रही है और सिलिंडर मिलने में 7 से 8 दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है।
ऑफलाइन बुकिंग, घर तक डिलीवरी
ऑनलाइन सिस्टम में दिक्कत के चलते उपभोक्ता एजेंसियों पर रजिस्टर में ऑफलाइन बुकिंग करा रहे हैं। हालांकि एजेंसियों से सीधे सिलिंडर नहीं दिए जा रहे, बल्कि घर पर ही डिलीवरी की जा रही है। इससे एजेंसियों पर भीड़ कम हुई है, लेकिन सप्लाई में देरी बनी हुई है।
रोजाना 10-12 हजार सिलिंडर की खपत
जिले में करीब साढ़े पांच लाख घरेलू और 40 हजार व्यावसायिक उपभोक्ता हैं, जिन्हें 40 से अधिक एजेंसियों के जरिए सप्लाई होती है। फिलहाल रोजाना 10 से 12 हजार घरेलू सिलिंडरों की खपत हो रही है और डिपो से लगातार सप्लाई मिलने के कारण स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।
कालाबाजारी पर सख्ती
खाद्य विभाग की टीमें घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार होटल, रेस्टोरेंट और ठेलों का निरीक्षण कर रही हैं। एमपी नगर स्थित मनोहर डेयरी सहित कई जगहों पर जांच की गई।
चार सिलिंडर जब्त, कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर घरेलू सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। बिट्टन मार्केट क्षेत्र में चार सिलिंडर जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
अधिकारियों का दावा
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, ऑफलाइन बुकिंग नियमानुसार की जा रही है और उपभोक्ताओं को घर तक सिलिंडर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अवैध उपयोग रोकने के लिए जांच अभियान जारी है।
यह भी पढ़ें- फर्जी बिल घोटाले पर एक्शन, अपर आयुक्त गुणवंत सेवतकर को निगम से हटाकर लूप लाइन में भेजा, वरुण वड़ेरिया को मिली जिम्मेदारी