
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोविड काल के दौरान बंद हुई रिटायर्ड रेल कर्मचारियों को पहचान पत्र (आई-कार्ड) जारी करने की प्रक्रिया अब दोबारा शुरू होने जा रही है। पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल जून के अंतिम सप्ताह से इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी कर रहा है, जिससे करीब 15 हजार सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार कोरोना अवधि में प्रशासनिक और प्रक्रिया संबंधी कारणों से रिटायर कर्मचारियों को आई-कार्ड जारी करने का काम प्रभावित हो गया था। इसके कारण बड़ी संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्ति के बाद भी पहचान पत्र नहीं प्राप्त कर सके। अब रेलवे प्रशासन ने इस लंबित प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है।
नई व्यवस्था के तहत जून 2026 के बाद से रिटायर होने वाले कर्मचारियों को रिटायरमेंट के दिन ही पहचान पत्र जारी करने की तैयारी की जा रही है। वहीं कोविड के बाद से मई 2026 तक सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए अलग प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन लेकर पहचान पत्र दिए जाएंगे।
रेल अधिकारियों के अनुसार पहचान पत्र मिलने से कर्मचारियों को रेलवे से जुड़ी सुविधाओं का लाभ लेने, पहचान प्रमाणित करने और विभागीय प्रक्रियाओं में सुविधा मिलेगी। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में जानकारी भरकर समय पर कार्मिक विभाग में जमा करना होगा।