
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हजूर साहिब नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन आज से शुरू हो गया है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सीधी रेल सुविधा मिल गई है।
बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं
अब यात्रियों को टनकपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, कासगंज, मथुरा, आगरा, ग्वालियर और झांसी जैसे शहरों के लिए बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। धार्मिक यात्रियों को हजूर साहिब नांदेड़ गुरुद्वारा, जबकि उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को टनकपुर के रास्ते पूर्णागिरि धाम और कुमाऊं क्षेत्र तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगा।
विभिन्न श्रेणी के यात्रियों को यात्रा का विकल्प मिलेगा
यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेल के इटारसी, रानी कमलापति और बीना स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे भोपाल संभाग के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। ट्रेन में एसी द्वितीय, एसी तृतीय, शयनयान, सामान्य श्रेणी और पेंट्रीकार सहित कुल 21 कोच हैं, जिससे विभिन्न श्रेणी के यात्रियों को यात्रा का विकल्प मिलेगा। नई सेवा से पर्यटन, धार्मिक यात्रा, शिक्षा, रोजगार और व्यापारिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- बाल सुधार गृह में अमानवीयता, 2 बच्चों के साथ सामूहिक कुकर्म, पॉक्सो एक्ट के तहत 11 पर FIR दर्ज