
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोलार थाना क्षेत्र के दानिशकुंज स्थित गृह मंत्रालय के अधिकारी के सूने मकान का ताला तोड़कर बदमाशों ने करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात उस समय हुई जब अधिकारी अपने परिवार के साथ उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए गए हुए थे।
अगले दिन सुबह जब एक महिला कर्मचारी घर पहुंची तो चोरी का खुलासा हुआ, जिसके बाद कोलार पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को फिलहाल घर के आसपास दो संदिग्ध बाइक सवार दिखे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार दानिशकुंज डीके-1 निवासी अरुण कुमार राय केंद्रीय गृह मंत्रालय में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी ममता राय भाजपा की नेत्री हैं। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे परिवार के सभी सदस्य उज्जैन गए थे। शुक्रवार को सुबह जब एक महिला कर्मचारी उनके घर पहुंची तो ताला टूटा मिला। उसने तुरंत फोन कर सूचना दी। जिसके बाद अरुण के भतीजे विजय कुमार राय ने तुरंत कोलार थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
एसआई कमल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि बदमाश घर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घुसे हैं। उसके बाद भी कई कमरों के ताले तोड़े और फिर अलमारी की तलाश की। फिर अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर चुराए हैं।
हैरानी की बात है कि आइपैड और मोबाइल समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जस के तस रखे रहे। बदमाशों ने सिर्फ जेवर और नकदी को निशाना बनाया। हालांकि, नकदी काफी कम थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को घर में रखे जेवरात की जानकारी थी और वे सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।