
नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। कोलार के दानिशकुंज डीके-1 में बदमाशों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पिछले 3 दिनों के भीतर यहां तीसरी वारदात की। ताजा मामले में अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, दानिश कुंज डीके-1 निवासी पी. शशांक हरदास स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उनके दामाद की तबीयत गंभीर होने के कारण वह अपनी पत्नी के साथ पिछले 7 दिनों से पुणे (महाराष्ट्र) गए हुए हैं।
इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने उनके घर धावा बोल दिया। शुरुआती जांच में घर से करीब 15,000 नगद चोरी होने की बात सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि शशांक हरदास के भोपाल वापस आने के बाद ही चोरी गई सटीक जानकारी मिलेगी। पुलिस को आशंका है कि इन सभी घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है।
इसी कड़ी में पुलिस ने क्षेत्र के करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। जांच में एक बाइक और एक ईवी (इलेक्ट्रिक) ऑटो में सवार कुछ युवक संदिग्ध परिस्थितियों में नजर आए हैं।
फुटेज में ये लोग देर रात 3 बजे से सुबह 5 बजे के बीच इलाके में मंडराते दिखे हैं। पुलिस अब इन वाहनों के रूट और संदिग्धों के मोबाइल लोकेशन खंगाल रही है।