मध्य प्रदेश में महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी में 80 प्रतिशत 40 से कम आयु की, 66 पदाधिकारियों की पहली सूची जारी
क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन को भी साधा गया है। अभी चार उपाध्यक्षों की घोषणा हुई है। इनमें ज्योति सिंह ग्वालियर से ओबीसी वर्ग की हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 04 Apr 2026 11:21:07 PM (IST)Updated Date: Sat, 04 Apr 2026 11:23:21 PM (IST)
मध्य प्रदेश में महिला कांग्रेस।HighLights
- ग्वालियर से 10 और इंदौर से 9 महिलाओं को मिला स्थान।
- कई जिलों को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से जताई गई नाराजगी।
- ज्यादा सदस्य बनाने के बाद भी दायित्व ना देने की शिकायत।
राज्य ब्यूरो,नईदुनिया.भोपाल। महिला कांग्रेस ने प्रदेश कार्यकारिणी की पहली सूची शनिवार को जारी कर दी है। इसमें चार उपाध्यक्ष, 23 महासचिव, 15 सचिव और 24 संयुक्त सचिव मिलाकर 66 महिलाओं को स्थान मिला है। कार्यकारिणी में 80 प्रतिशत से अधिक महिलाएं 40 वर्ष से कम आयु की हैं। क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन को भी साधा गया है। अभी चार उपाध्यक्षों की घोषणा हुई है। इनमें ज्योति सिंह ग्वालियर से ओबीसी वर्ग की हैं।
मनीषा रावत भी ग्वालियर से सामान्य वर्ग से हैं। इंदौर से एससी वर्ग की शांति भालेश्वर और रतलाम से यास्मीन शेरानी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। सूची में 23 महासचिव, 15 सचिव और 24 संयुक्त सचिव मिलाकर 66 महिलाओं को स्थान मिला है। अभी और पदाधिकारियों की घोषणा होनी है। प्रदेश कार्यकारिणी में लगभग 120 महिलाएं होंगी।
उधर, सूची जारी होने के बाद कई जिलों से महिला कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी सामने आ रही है। वे अपने-अपने करीबी प्रदेश पदाधिकारियों से शिकायत कर रही हैं। इसमें मुख्य यह है कि पहली सूची में मात्र 23 जिलों को ही प्रतिनिधित्व मिला है। उसमें भी ग्वालियर से सर्वाधिक 10 और इंदौर से 9 नाम हैं।
शर्त यह थी कि ज्यादा सदस्य बनाने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी, पर कुछ जगह इसका पालन नहीं हुआ है। हालांकि, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी का कहना है कि अभी कार्यकारिणी पूरी नहीं हुई है। सभी तरह से संतुलन का ध्यान रखा जाएगा। अधिक से अधिक सदस्य बनाने वालों जिलाध्यक्ष बनाने में भी प्राथमिकता दी जाएगी।