
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारू संचालन के साथ यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नौ प्रकार की जरूरी सामग्री की खरीद करेगा। इन सामग्रियों का उपयोग सिग्नलिंग, संचार, कोच और इंजन के रखरखाव तथा टिकट व्यवस्था में किया जाएगा। इससे रेलवे की तकनीकी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रेलवे 3000 किलोमीटर पीवीसी इंसुलेटेड आर्मर्ड सिग्नलिंग केबल खरीदेगा। इसका इस्तेमाल सिग्नलिंग व्यवस्था को मजबूत करने में किया जाएगा। इससे ट्रेनों के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही रेलवे 2000 किलोमीटर टेलीकाम क्वाड केबल भी खरीदेगा। इसका उपयोग संचार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा, जिससे ट्रेन संचालन के दौरान सूचनाओं के आदान-प्रदान और समन्वय में सुधार होगा।
यात्रियों से जुड़ी खरीद में 95,735 मीटर विनाइल कोटेड अपहोल्स्ट्री फैब्रिक शामिल है। इससे नान-एसी कोचों की सीटों के पुराने कवर बदले जाएंगे। नए कवर लगने से कोचों में सीटों की स्थिति बेहतर रखने और यात्रियों को साफ-सुथरी सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
टिकट व्यवस्था के लिए रेलवे 1.11 लाख यूटीएस थर्मल पेपर रोल खरीदेगा। इनका इस्तेमाल टिकट काउंटरों पर टिकट प्रिंट करने में किया जाएगा। पर्याप्त पेपर उपलब्ध रहने से टिकट जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी।
इसके अलावा रेलवे 1096 बोगी सेंटर पिवोट बाटम, 678 इंजन एयर फिल्टर, 7850 किलो वेल्डिंग इलेक्ट्रोड और 3500 लैंप हाउसिंग खरीदेगा। इन सामग्रियों का इस्तेमाल कोच और इंजन के रखरखाव में किया जाएगा। इससे ट्रेनों को बेहतर परिचालन स्थिति में बनाए रखने में सहायता मिलेगी।