
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में छिपोधर-बरवाडीह-मंगरा रेलखंड पर तृतीय अप लाइन के कमीशनिंग कार्य के लिए किए जा रहे नान-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण भोपाल से संचालित होने वाली धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस और भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के रूट, समय और स्टापेज की जानकारी जरूर पता कर लें।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 11632 धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस 24 जून और 27 जून को अपने प्रारंभिक स्टेशन धनबाद से बदले हुए मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन पहले निर्धारित मार्ग धनबाद-चंद्रपुरा-गोमिया-पतरातू-गढ़वा रोड-गढ़वा-सिंगरौली के स्थान पर अब धनबाद-गया-सोन नगर-सिंगरौली मार्ग से संचालित होगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 11631 भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस 22, 25 और 26 जून को भोपाल से रवाना होकर परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन सामान्य मार्ग सिंगरौली-गढ़वा-गढ़वा रोड-पतरातू-चंद्रपुरा-धनबाद के बजाय अब सिंगरौली-सोन नगर-गया-धनबाद मार्ग से संचालित की जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे ट्रेन की अद्यतन स्थिति और संभावित समय परिवर्तन की जानकारी पहले ही प्राप्त कर लें। जिन यात्रियों ने प्रभावित स्टेशनों से चढ़ने या उतरने की योजना बनाई है, वे यह जरूर जांच लें कि उनका स्टेशन बदले हुए मार्ग में शामिल है या नहीं।
इसके अलावा यात्रियों को स्टेशन के लिए समय से पहले निकलने, टिकट, PNR और प्लेटफार्म संबंधी जानकारी पहले जांचने की सलाह दी गई है। यदि किसी यात्री की आगे दूसरी ट्रेन से कनेक्टिंग यात्रा है तो उसे अतिरिक्त समय का अंतर रखना चाहिए।