देश विरोध गतिविधियों से जुड़े मामले में बिहार से गिरफ्तार इज़हार-उल-हक से अब एटीएस करेगी पूछताछ, रिमांड 7 दिन बढ़ाई
एटीएस की जांच में अब तक कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की शुरुआत भोपाल से मोहम्मद फ़राज़ उर्फ खालिद सैफुल्ला को हिरासत में लेने के साथ ह ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 22 Jun 2026 08:39:39 PM (IST)Updated Date: Mon, 22 Jun 2026 10:12:53 PM (IST)
इज़हार-उल-हक की रिमांड सात दिन बढ़ी।HighLights
- इस मामले में एटीएस की जांच में अब तक कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
- शुरुआत भोपाल से मोहम्मद फ़राज़ उर्फ खालिद सैफुल्ला को हिरासत में लेने से हुई थी।
- सहारनपुर से नईम अब्दुल्ला, अलवर से शाकिर मेव तथा मधुबनी से इज़हार पकड़ाया।
नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े मामले में गिरफ्तार बिहार के मधुबनी निवासी इज़हार-उल-हक की पुलिस रिमांड विशेष न्यायाधीश मुकेश मलिक की अदालत ने सात दिन के लिए और बढ़ा दी है। अदालत ने पूछताछ के लिए इज़हार-उल-हक को एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) के सुपुर्द करने के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है।
इज़हार-उल-हक से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसी को उसके अन्य संपर्कों, गतिविधियों तथा कथित नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करनी है। इसी आधार पर एटीएस ने अदालत से अतिरिक्त पुलिस रिमांड की मांग की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व इसी प्रकरण में गिरफ्तार नईम अब्दुल्ला निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा शाकिर मेव निवासी अलवर (राजस्थान) को अदालत 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी है। दोनों से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें जेल भेजा गया था।
एटीएस की जांच में अब तक कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की शुरुआत भोपाल से मोहम्मद फ़राज़ उर्फ खालिद सैफुल्ला को हिरासत में लेने के साथ हुई थी। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ने पर सहारनपुर से नईम अब्दुल्ला, अलवर से शाकिर मेव तथा बिहार के मधुबनी से इज़हार-उल-हक को गिरफ्तार किया गया।
जांच एजेंसी को संदेह है कि सभी आरोपित एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े हुए थे। एटीएस इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, डिजिटल साक्ष्यों, बैंकिंग लेन-देन और आपसी संपर्कों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर मामले में आगे और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।