
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पुराने शहर के एसिड मार्केट में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात गाली देने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तीन युवकों ने रैपिडो बाइक चालक को रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर दिया। आरोपितों ने उसके गले और कंधे पर गंभीर वार किए, जबकि पेट और पीठ पर भी चाकू मारा। घायल युवक को उसके परिचित तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार निशातपुरा के विश्वकर्मा नगर निवासी 21 वर्षीय हासिल अली, पिता संजय साहू, रैपिडो बाइक चलाता है। शुक्रवार रात उसे कमला पार्क के पास से एक राइड की बुकिंग मिली थी। वह मौके पर पहुंच पाता, इससे पहले ही बुकिंग रद हो गई। इसके बाद वह बाइक से पीरगेट होते हुए एसिड मार्केट की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बाइक से आए अल्फेज, अयान फटी और साहिल काला ने उसे रोक लिया। तीनों ने आरोप लगाया कि हासिल उनके बारे में गाली-गलौज करता है।
हासिल ने आरोप से इनकार करते हुए सफाई दी, लेकिन बात बढ़ गई। आरोपितों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में उसके गले और कंधे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पेट और पीठ पर भी वार किए गए। वारदात के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल हासिल को उसके साथियों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने बयान दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में अवैध हथियार के कारोबार में लिप्त आरोपी गिरफ्तार, 49 चायना चाकू जब्त
एसआई दयाशंकर पांडे के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपितों का घायल के बड़े भाई साहिल से पहले से विवाद चल रहा है। पुलिस अब इसी पुराने विवाद को हमले की वजह से जोड़कर भी जांच कर रही है। आरोपितों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।