MP में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, समाधान योजना की अवधि 15 मई तक बढ़ी, सरचार्ज में मिलेगी 90% तक की छूट
मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बकायादार बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने समाधान योजना के दूसरे चरण की अवधि को डेढ़ महीने आगे बढ़ाते ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 04 Apr 2026 08:23:48 PM (IST)Updated Date: Sat, 04 Apr 2026 08:23:48 PM (IST)
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का बड़ा फैसला।HighLights
- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का बड़ा फैसला
- डेढ़ महीने बढ़ी बकायादारों के लिए छूट की अवधि
- एकमुश्त भुगतान पर अधिकतम सरचार्ज माफी
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बकायादार बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने समाधान योजना के दूसरे चरण की अवधि को डेढ़ महीने आगे बढ़ाते हुए अब 15 मई तक कर दिया है। इस विस्तार से उन उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी जो अब तक योजना का लाभ नहीं उठा सके थे।
सरचार्ज में 90 प्रतिशत तक की भारी छूट
बिजली कंपनी के अनुसार, समाधान योजना उन बकायादार उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत फायदेमंद साबित हो रही है जो अपनी पुरानी बकाया राशि का निपटान करना चाहते हैं। योजना के दूसरे चरण के तहत उपभोक्ताओं को सरचार्ज (अधिभार) में 70 से लेकर 90 प्रतिशत तक की भारी छूट दी जा रही है। यह छूट उन उपभोक्ताओं को मिल रही है जो अपनी मूल बकाया राशि जमा करने के लिए आगे आ रहे हैं।
एकमुश्त और किस्तों में भुगतान का विकल्प
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कंपनी ने भुगतान के दो मुख्य विकल्प रखे हैं। यदि उपभोक्ता एकमुश्त बकाया राशि जमा करते हैं, तो उन्हें अधिकतम लाभ प्राप्त होगा। वहीं, जो उपभोक्ता एक साथ राशि जमा करने में असमर्थ हैं, उन्हें किस्तों में भुगतान करने की सुविधा भी दी गई है। इन विकल्पों के तहत उपभोक्ताओं को 50 से लेकर 60 प्रतिशत तक की छूट का लाभ मिल रहा है।
यह भी पढ़ें- राजस्थान से एमपी में शिफ्ट हुआ ‘म्याऊं-म्याऊं’ नेटवर्क, रतलाम और मंदसौर को बनाया ठिकाना
पंजीयन के लिए ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध
योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया को कंपनी ने बेहद सरल और डिजिटल बनाया है। पात्र उपभोक्ता मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 'उपाय' (UPAY) ऐप के माध्यम से घर बैठे अपना पंजीयन करा सकते हैं। इसके अलावा, नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और एमपी ऑनलाइन के कियोस्क पर भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता इस छूट का लाभ उठाकर अपने बिजली बिल के बोझ को कम कर सकें।