एमपी ATS का बड़ा खुलासा... देश के कई राज्यों में फैला पाकिस्तानी हैंडलर का जाल, गरीब और अविवाहित युवक थे निशाने पर
एटीएस द्वारा पूछताछ में कई नई जानकारियां सामने आ रही हैं। मुख्य बात यह कि सभी आरोपित एक ही पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर अपने-अपने प्रदेश में गतिविधिय ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 16 Jun 2026 10:55:42 PM (IST)Updated Date: Wed, 17 Jun 2026 07:18:03 AM (IST)
फंडिंग और बड़े आतंकी संगठनों से कनेक्शन खंगाल रही ATS।HighLights
- एमपी, यूपी, राजस्थान और बिहार से जुड़े आतंकवाद के तार
- फंडिंग और बड़े आतंकी संगठनों से कनेक्शन खंगाल रही ATS
- शाकिर, नईम और इजहार को आमने-सामने होगी पूछताछ
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) अभी तक देश विरोधी गतिविधियों के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर चुका है। एटीएस द्वारा इनसे पूछताछ में कई नई जानकारियां सामने आ रही हैं। मुख्य बात यह कि सभी आरोपित एक ही पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर अपने-अपने प्रदेश में गतिविधियां करते थे। तरह-तरह के तरीके से अपना नेटवर्क बढ़ाने में लगे हुए थे। गरीब अविवाहित युवकों को जोड़ने का काम कर रहे थे।
देशभर में फैला नेटवर्क और फंडिंग की जांच
एटीएस सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तानी हैंडलर ने संभवतः सभी राज्यों में अपना नेटवर्क तैयार कर लिया है। हर जगह उनके एक या दो लोग हो सकते हैं। अभी तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार से आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। इनसे पूछताछ के आधार पर एटीएस आगे काम करेगी। वहीं, पाकिस्तानी हैंडलर के बारे में भी एटीएस जानकारी जुटा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि उसे फंडिंग कहां से होती थी, वह किसी बड़े आतंकवादी संगठन से जुड़ा है या नहीं।
आरोपितों की कोर्ट में पेशी और पुलिस रिमांड
उधर, इस मामले में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार नईम अब्दुल्ला की पुलिस हिरासत की अवधि न्यायालय के आदेश से 20 जून कर दी गई है, जबकि भोपाल से गिरफ्तार फराज को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मधुबनी से गिरफ्तार इजहार उल हक को एटीएस मंगलवार तक लेकर पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- दबंगों से परेशान महिला कलेक्टर के पैरों में गिरी, रोते हुए बोली- साहब! बेटी के साथ रोज होती है छेड़छाड़, बचा लो
आमने-सामने बैठाकर होगी पूछताछ
इसके बाद पुलिस अलवर से गिरफ्तार किए गए शाकिर मेव, नईम और इजहार उल हक को एक साथ बैठाकर पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि आरोपितों को प्रशिक्षण के लिए भी पाकिस्तान भेजने की तैयारी थी।