
नईदुनिया, प्रतिनिधि, भोपाल: माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी से प्रारंभ होने जा रही हैं। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए मंडल द्वारा व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है।
माशिमं के निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों से 100 गज की दूरी तक धारा 144 लागू रहेगी। इस दायरे में भीड़ एकत्र होने और लाउडस्पीकर के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि नियमों का उल्लंघन होता है तो लाउडस्पीकर जब्त किया जाएगा और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ परीक्षा अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी।
प्रदेशभर में लगभग 17 लाख विद्यार्थी इन बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे। इनके लिए 3,856 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करता है या कोई व्यक्ति इसमें सहायता करता है, धमकी देता है या हथियार लेकर आता है, तो उस पर सख्त दंड का प्रावधान है। अनुचित साधनों में दोषी पाए गए व्यक्ति को भविष्य में सरकारी सेवा में नियुक्त नहीं किया जाएगा।
सामूहिक नकल या किसी अन्य द्वारा नकल कराए जाने की स्थिति में सभी परीक्षार्थियों का परीक्षाफल निरस्त किया जाएगा।
परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, पेजर, सेल्युलर फोन और कंप्यूटर के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रश्नपत्र लाने और उत्तर पुस्तिकाएं जमा कराने के लिए अलग-अलग अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस व्यवस्था में केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी।
यदि परीक्षा के दौरान सामूहिक या व्यक्तिगत नकल, प्रश्नपत्र या उत्तर पुस्तिका बदलने, उत्तर पुस्तिका फाड़ने या लेकर भागने जैसी घटना होती है, तो इसकी सूचना मंडल कार्यालय और कलेक्टर को तुरंत देना अनिवार्य होगा।
यह भी पढ़ें- यात्रियों की बल्ले-बल्ले... नर्मदा एक्सप्रेस अब LHB कोचों के साथ दौड़ेगी, मिलेगा स्मूद और आरामदायक सफर का एक्सपीरियंस
परीक्षा के संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संवेदनशील व अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी होगी।
-बलवत वर्मा, परीक्षा नियंत्रक, माशिमं