
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं सात मई से शुरू होने जा रही हैं। इस बार कुल 4.89 लाख विद्यार्थियों के फेल होने के बावजूद केवल 3.42 लाख विद्यार्थियों ने ही परीक्षा के लिए आवेदन किया है। इसका मतलब है कि करीब 70 प्रतिशत विद्यार्थी ही द्वितीय परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि शेष 30 प्रतिशत विद्यार्थियों ने आवेदन नहीं किया। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा आवेदन की अंतिम तिथि सोमवार को समाप्त हो रही है। परीक्षा से जुड़े गोपनीय कार्यों का वितरण मंगलवार से शुरू होगा।
पूरक परीक्षा के स्थान पर द्वितीय परीक्षा
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार इस वर्ष भी पूरक परीक्षा के स्थान पर द्वितीय परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसकी पूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा प्रक्रिया पहले की तरह ही सख्ती और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। बता दें कि 10वीं की परीक्षाएं सात से 19 मई तक और 12वीं की सात से 25 मई तक संचालित होंगी।
सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम
मंडल ने परीक्षा संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रश्नपत्रों को पुलिस थानों में सुरक्षित रखा जाएगा और केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधि की निगरानी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। इस बार भी ऑनलाइन एप के माध्यम से परीक्षा की निगरानी की जाएगी।
प्रदेश में 624 परीक्षा केंद्र बनाए गए
प्रदेश भर में कुल 624 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें राजधानी में लगभग 24 केंद्र शामिल हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे तक पहुंचना अनिवार्य होगा, जबकि निर्धारित समय से 15 मिनट पहले तक ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रायोगिक परीक्षाएं 7 मई से 25 मई के बीच संबंधित केंद्रों पर आयोजित होंगी, जिनकी जानकारी विद्यार्थियों को स्कूलों से प्राप्त होगी।
यह भी पढ़ें- न गार्ड, न पायलट, न स्टेशन मास्टर... भोपाल में जब 100 महिलाओं और हजारों कर्मचारियों ने घेरा था रेलवे थाना