
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। खजूरीसड़क थाना क्षेत्र में विधवा महिला को कोल्ड्रिंक में नशा पिलाकर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। महिला के सहकर्मी ने चार साल तक पीड़िता का शोषण किया। वहीं जब उसने विरोध किया तो आरोपित ने पीड़िता की बेटी और अन्य रिश्तेदारों को उसके प्राईवेट फोटो-वीडियो भेज दिए।
पीड़िता ने इसकी शिकायत रातीबड़ थाने में दर्ज करवाई थी। हालांकि घटनास्थल होने के कारण इसे खजूरीसड़क थाने में ट्रांसफर किया गया। पुलिस ने सहकर्मी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय महिला निजी कंपनी में काम करती है और उसके चार बच्चे हैं। वर्ष 2020 में उसके पति की मौत हो चुकी है।
आरोप है कि करीब चार साल पहले सहकर्मी उसे मंदिर घुमाने के बहाने ले गया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शोषण करता रहा।
कुछ दिन पहले आरोपित ने महिला के अश्लील फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर उसके बच्चों व रिश्तेदारों को भी भेज दिए। परेशान होकर महिला ने बुधवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- एमपी कांग्रेस में सांगठनिक सर्जरी भी बेअसर... आंदोलनों से कार्यकर्ता नदारद, शीर्ष नेताओं में तनातनी जारी