

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश स्टेट कंबाइंड नीट-यूजी 2026 काउंसलिंग के तहत राज्य के पंजीकृत अभ्यर्थियों की मेरिट सूची चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी कर दी गई है। इस वर्ष प्रदेश में आर्यमन सिंह सोलंकी ने टॉप किया है। उन्होंने नीट यूजी 2026 की परीक्षा में 720 में से 696 अंक हासिल किए और 99.9977 परसेंटाइल के साथ मध्य प्रदेश स्टेट रैंक में पहला स्थान प्राप्त किया है। आर्यमन का ऑल इंडिया नीट-यूजी रैंक भी 46 रहा है।
टॉप-पांच की सूची में दूसरा स्थान सार्थक साहू का है, जिन्होंने 680 अंक और 99.984199 परसेंटाइल हासिल किए हैं। मानव सिंह राजपूत 671 अंक और 99.975799 परसेंटाइल के साथ तीसरे स्थान पर रहे हैं। चौथे स्थान पर मोहम्मद साद मंसूरी 669 अंक और 99.971449 परसेंटाइल के साथ काबिज हुए जबकि पांचवां स्थान पार्थ झा को मिला है, जिन्होंने 665 अंक और 99.962948 परसेंटाइल प्राप्त किए।
छात्राओं की श्रेणी में भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। हिलोर अजमेरा ने 655 अंक और 99.939747 परसेंटाइल के साथ प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। हिलोर की ओवरऑल स्टेट रैंक सात है। उनके बाद श्रेया अग्रवाल 646 अंक के साथ छात्राओं में दूसरे और स्टेट रैंक 11 पर रहीं।
मेरिट लिस्ट जारी होने के साथ ही अब एमबीबीएस और बीडीएस की प्रथम चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस चरण में अभ्यर्थियों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पसंद के कॉलेजों की चॉइस फिलिंग करनी होगी। इसके बाद मेरिट और भरी गई चॉइस के आधार पर सीटों का आवंटन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- MP Weather 17th August: इन 39 जिलों में होगी बारिश... 19-20 अगस्त के लिए पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी