
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में कृषि एवं संबद्ध पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्री-एग्रीकल्चर टेस्ट (पीएटी)-2026 की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मप्र कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने इसकी नियमावली जारी कर दी है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 मार्च से शुरू होकर सात अप्रैल तक चलेगी। वहीं आवेदन में संशोधन 24 मार्च से 12 अप्रैल तक होंगे। पीएटी-2026 की परीक्षा आठ मई से ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।
इस परीक्षा के माध्यम से प्रदेश के तीन प्रमुख कृषि विश्वविद्यालयों और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर, राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर और महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट शामिल हैं।
इन विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में बीएससी (ऑनर्स) कृषि, बीएससी (ऑनर्स) उद्यानिकी, बीएससी (ऑनर्स) वानिकी और बीटेक (कृषि अभियांत्रिकी) जैसे पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इस वर्ष कुल 1297 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। बता दें कि पिछले वर्ष पीएटी परीक्षा जुलाई में आयोजित की गई थी, जबकि इस बार इसे पहले आयोजित किया जा रहा है।
ईएसबी के नियमावली के अनुसार प्रत्येक कोर्स में निर्धारित सीटों के अतिरिक्त 20 प्रतिशत सीटें पेमेंट सीट के रूप में रखी जाएंगी। इन सीटों पर प्रवेश उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित नियमों और आरक्षण प्रावधानों के तहत किया जाएगा। पेमेंट सीटों के लिए चयन पीएटी की मेरिट सूची या प्रतीक्षा सूची के आधार पर होगा। यदि किसी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते हैं, तो नियमानुसार अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा।
प्रत्येक पाठ्यक्रम में प्रवेश क्षमता के अतिरिक्त पांच फीसद सीटें एनआरआई के लिए आरक्षित होंगी। इन सीटों पर प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को 20 मई तक या उसके पूर्व जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर, राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर में आवेदन करना होगा।
यह भी पढ़ें- भोपाल में गहराया गैस संकट, नीलबड़ में घरेलू सिलिंडर का कमर्शियल इस्तेमाल पकड़ा, खाद्य विभाग ने की बड़ी जब्ती