
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी की अयोध्या नगर थाना पुलिस ने राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने और लूटने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 11 लाख रुपये मूल्य के छीने गए मोबाइल बरामद किए हैं। इसमें आईफोन 17 प्रो मैक्स समेत विभिन्न कंपनियों के 22 मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल दो स्पोर्ट्स बाइक और चोरी की दो अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
TI अयोध्या नगर महेश लिल्हारे ने बताया कि 11 जून की रात करीब 9 बजे साकेत नगर निवासी निखिल ओझा नरेला जोड़ के पास से पैदल जा रहे थे। तभी बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। निखिल द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने छुरी दिखाकर उनका फोन लूट लिया।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस उपायुक्त विकास सहवाल के निर्देश पर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी देखे और उन्हें ट्रैक कर घेराबंदी कर चार आरोपितों को धर दबोचा। फिलहाल पुलिस की 30 सदस्यीय टीम फरार मुख्य सरगना सबदर ईरानी और शाहरुख की तलाश में जुटी है।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान साहिल खान (23), फैजान पठान (21), समीर अंसारी (25) और तालिब खान (28) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने कबूला कि वह महंगे शौक पूरे करने और जल्द अमीर बनने के लिए वारदात करते थे। करीब एक साल पहले फरार मास्टरमाइंड सबदर ईरानी और शाहरुख के साथ मिलकर इन्होंने टीम बनाई थी।
आरोपित शाम 7 से रात 10 बजे के बीच स्पोर्ट्स बाइक पर निकलते थे और हाथ में मोबाइल लेकर चलने वाले राहगीरों को निशाना बनाते थे। विरोध करने पर यह छुरी अड़ाकर डराते थे। वारदात के वक्त पुलिस को चकमा देने के लिए ये बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे।
आरोपित लूटे गए मोबाइलों को इकट्ठा कर ईरानी डेरा (अमन कालोनी) स्थित मुख्य सरगना सबदर अली ईरानी को सौंप देते थे। सबदर प्रति मोबाइल एक हजार रुपये कमीशन रखकर बाकी रकम बदमाशों को नकद या आनलाइन ट्रांसफर कर देता था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक छुरी भी बरामद की है।
पकड़े गए सभी आरोपितों पर पहले से ही चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मामले दर्ज हैं। आरोपित साहिल पर 12, समीर पर 11, तालिब पर 11 और फैजान पर 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह ने शहर के अयोध्या नगर, पिपलानी, गोविंदपुरा, हबीबगंज, बागसेवनिया और टीला क्षेत्र में लूट की 12 वारदातें स्वीकार की हैं।
उम्र 23 साल, निवासी मकान नंबर 66, मोहम्मदी मदरसा के पास, शमशाद भाई की दुकान के पास, एहसान नगर थाना निशातपुरा भोपाल स्थाई पता-ग्राम अकोदिया थाना शुजालपुर जिला शाजापुर। आरोपित अनपढ़ है, वैन ड्राइवर का काम करता है। 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उम्र 21 साल, निवासी मोहम्मदी मस्जिद के पास आमज किराने स्टोर के सामने एहसान नगर थाना निशातपुरा भोपाल। आरोपित पांचवीं तक पढ़ा है और मूल काम पुताई करने का है। उस पर 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उम्र 25 वर्ष, निवासी मकान नंबर 21 हरी मजार, नईम मियां के मकान के पास अमन कालोनी, ईरानी डेरा निशातपुरा भोपाल, आरोपित पांचवीं तक पढ़ा है और वाहन में लोहा भरने का काम करता है। उस पर 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उम्र 28 साल, निवासी ग्राम पतलोन लांबाखेड़ा मासूम भाई के मकान के पास थाना ईंटखेड़ी भोपाल स्थाई पता ग्राम नरोला टप्पा थाना शुजालपुर जिला शाजापुर। 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं, पांचवीं तक पढ़ा है और ड्राइवरी का काम करता है।