सौरभ सोनी, नईदुनिया, भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मोर्चा संभालते ही संगठन की विचारधारा से दाएं-बाएं होने वाले नेताओं को पहले ही चेतावनी दे दी गई है तो वहीं जिलों में जाकर रूठे और उपेक्षित नेताओं में जान फूंकने की कवायद खुद खंडेलवाल कर रहे हैं। वह कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनके साथ भोजन पर चर्चा कर रहे हैं।
इस आयोजन में मंत्री, विधायक, सांसद और वरिष्ठ नेताओं का बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ मेलजोल बढ़ाया जा रहा है। इससे इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि गठित होने वाली प्रदेश व जिला कार्यकारिणी में पुराने नेताओं की मौजूदगी प्रमुखता से दिखाई दे सकती है। वहीं डेढ़ साल बाद नगरीय निकाय, पंचायत और सहकारिता चुनाव की तैयारी शुरू हो जाएगी। राज्य सरकार सहकारिता चुनाव कराने की भी बात कर रही है। ऐसे में खंडेलवाल का यह नवाचार महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं का बड़े नेताओं के साथ निरंतर संवाद और कामकाज के प्रति समर्पण बना रहे, इस उद्देश्य से खंडेलवाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र बैतूल से इसकी शुरूआत कर दी है। वह आगामी तीन माह तक प्रदेश के सभी संगठनात्मक 62 जिलों का दौरा करेंगे। इससे पहले वह ग्वालियर, जबलपुर और रीवा संभाग का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर चुके हैं।
खंडेलवाल ने अध्यक्ष बनने के कुछ दिन बाद से ही पुराने वरिष्ठ नेताओं से भी मेलजोल बढ़ाया है। वह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, वरिष्ठ नेता कप्तान सिंह सोलंकी और गौरीशंकर शेजवार जैसे कई वरिष्ठ नेताओं से मिलकर मार्गदर्शन ले चुके हैं। इस नवाचार को लेकर भाजपा प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल का कहना है कि भाजपा संपर्क और संबंधों के आधार पर परिवार भावना से संगठन चलाती है। संगठन के मुखिया के नाते प्रदेश अध्यक्ष लगातार प्रयास कर रहे हैं कि पार्टी के हर स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद हो।
भाजपा संगठन भी पुराने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुट गया है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल जिला और मंडल कार्यकर्ताओं के अलावा पार्टी के उपेक्षित और पुराने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। जामवाल, पार्टी कार्यकर्ताओं के शिकवे शिकायतें भी धैर्य के साथ सुन रहे हैं। हाल ही में जामवाल ने रायसेन और इंदौर पहुंचकर कार्यकर्ताओं की बैठकें की थीं। वैसे तो जामवाल का मुख्यालय रायपुर है, लेकिन वह संगठन को मजबूत करने की दिशा में मप्र के सभी अंचलों में का दौरा कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दौरा नहीं जमीनी काम का रहे हैं। वह कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। प्रमुख मंदिरों का दर्शन कर रहे हैं, पुराने नेताओं के निवास जाकर भेंट कर रहे हैं। समूह से लेकर प्रत्येक कार्यकर्ताओं से मेल मुलाकात कर वह रात्रि का भोजन भी कार्यकर्ताओं के साथ ही कर रहे हैं। जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी विभिन्न स्तरों पर कार्य करने वाले कार्यकर्ता सभी से निरंतर संवाद की पार्टी की अपनी परंपरा को अध्यक्षजी बड़ी ही गंभीरता और उदारता से निभा रहे हैं। - आशीष अग्रवाल, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी।