
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में मंगलवार को मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले। प्रदेश के 12 जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि राजधानी भोपाल में लोग दिनभर उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। भोपाल में धूप-छांव के बीच केवल कुछ इलाकों में बौछारें पड़ीं।
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के पूर्वी जिलों में तेज वर्षा की संभावना जताई है। खासकर टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी वर्षा हो सकती है। पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी, जबकि पश्चिमी और मध्य इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे।
मंगलवार को राज्य में सबसे ज्यादा 42 मिलीमीटर वर्षा छतरपुर जिले के नौगांव में दर्ज की गई। इसके अलावा ग्वालियर में 37 मिलीमीटर, सिवनी में 18 मिलीमीटर, रीवा में 12 मिलीमीटर और उज्जैन में 11 मिलीमीटर वर्षा हुई। दतिया, धार, इंदौर, जबलपुर, खजुराहो, नरसिंहपुर और सतना में भी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के उत्तरी हिस्सों के ऊपर बने प्रेरित चक्रवात और उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रही मानसून द्रोणिका के कारण प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी इलाकों में मंगलवार को अच्छी वर्षा हुई। वहीं पश्चिमी हिस्सों में हवा में नमी मौजूद होने के कारण बूंदाबांदी और बौछारें पड़ीं।
(नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में)