मध्य प्रदेश में बदलने वाला है मौसम... भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
MP Weather Forecast: मौसम केंद्र ने अगले 24 घंटों के लिए भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में वज्रपात और तेज झोंक ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 18 Jun 2026 08:14:45 PM (IST)Updated Date: Thu, 18 Jun 2026 08:14:45 PM (IST)
मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट (ये तस्वीर एआई से बनाई गई है)नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल में गुरुवार को सुबह से ही तीखी धूप के कारण लोग भीषण गर्मी और उमस से बेहाल रहे। दिनभर तेज धूप के चलते राजधानी का पारा 37.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उमस का आलम यह है कि लोग प्री-मानसून के इस दौर में भी पसीने से तर-बतर हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार छतरपुर जिले के खजुराहो में सर्वाधिक 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि नौगांव, दतिया और ग्वालियर में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा।
बैरागढ़ के आंकड़ों से रिकॉर्ड में ज्यादा दिख रही बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक भोपाल में 18 जून तक सामान्य तौर पर 52.0 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन इसके मुकाबले अब तक 100.7 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से 94 प्रतिशत अधिक है। इतनी वर्षा के बाद भी गर्मी और उमस कम होने का नाम नहीं ले रही। ऐसा इसलिए क्योंकि मौसम केंद्र वर्षा के ये आंकड़े शहर से नहीं बल्कि बैरागढ़ मौसम केंद्र से लेता है, जिससे आंकड़ों और जमीनी स्थिति में अंतर दिख रहा है।
सिवनी और गुना में हुई जोरदार वर्षा, अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट
गुरुवार को जहां प्रदेश के सिवनी में 27 मिलीमीटर और गुना में 11 मिलीमीटर वर्षा हुई, वहीं मौसम केंद्र ने अगले 24 घंटों के लिए भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
| भोपाल | 37.0 | 25.2 |
| इंदौर | 36.9 | 25.1 |
| ग्वालियर | 40.1 | 29.5 |
| जबलपुर | 38.7 | 27.8 |
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में है।
यह भी पढ़ें- एमपी-छत्तीसगढ़ के 34 हजार से अधिक कर्मचारियों को बड़ी सौगात, पीएम मोदी बांटेंगे 2400 करोड़