
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : प्रदेश में अब बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है। यह सिस्टम सक्रिय हुआ तो सोमवार को वर्षा का दायरा प्रदेश के मध्यवर्ती और पश्चिमी जिलों तक विस्तारित हो जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को भी उसी क्षेत्र में बना रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण 4.5 किमी ऊंचाई तक फैला है। इसके साथ मानसून ट्रफ भी कम दबाव के क्षेत्र के केंद्र से होकर गुजर रही है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में अगले सप्ताह भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
शुक्रवार रात से शनिवार शनिवार सुबह तक दमोह और जबलपुर जिलों में अति भारी बारिश हुई है। वहीं रीवा, मऊगंज, मंडला, दतिया और पन्ना के कई स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज हुई है। दमोह के तेंदुखेड़ा में 24 घंटों में 130.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है। मझौली, अजयगढ़ और पाटन में भी अति भारी बरसात हुई।
बंगाल की खाड़ी के उत्तर में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास एक नया ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में उसी क्षेत्र में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे मानसून गतिविधियों में तेजी आएगी। वर्षा का दायरा बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें- MP Weather 23th August: ग्वालियर में फिर बदलेगा मौसम, साइक्लोनिक सर्कुलेशन से इस हफ्ते होगी भारी बारिश