
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजस्थान की तरफ से आ रहीं शुष्क और सर्द हवाओं के चलते प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को सबसे कम 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान इंदौर में रिकॉर्ड किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी (न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री) से भी ठंडे रहे इंदौर में तीव्र शीतलहर एवं भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर व शहडोल जिले में शीतलहर का प्रभाव रहा। नरसिंहपुर में शीतल दिन रहा।
दिन का सबसे अधिक 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, शाजापुर एवं शहडोल जिले में शुक्रवार को भी शीतलहर का प्रभाव रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत में इस समय 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 204 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।
शनिवार से हिमालयीन क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञानी वहीद खान ने बताया कि हवाओं का रुख बदलने से शनिवार से रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान बढ़ने के कारण शीतलहर से राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन भोपाल, इंदौर, राजगढ़ आदि जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहने की संभावना है।