
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति अब सामान्य हो चुकी है और उपभोक्ताओं को रिफिल के लिए पहले जैसी परेशानी नहीं झेलनी पड़ रही है। इसके बावजूद नए एलपीजी कनेक्शन लेने वाले लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। शहर की गैस एजेंसियों पर नए कनेक्शन के आवेदनों का लंबित होना और प्रक्रिया में देरी उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
दरअसल, अमेरिका-ईरान के बीच चले युद्ध के कारण तेल और गैस क्षेत्र प्रभावित हुआ, जिससे कीमतों में वृद्धि के साथ भंडारण क्षमता पर भी असर पड़ा। इसके चलते नए एलपीजी कनेक्शन फिलहाल पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। इससे नए उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार जिले में करीब साढ़े पांच लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं, जिनकी आपूर्ति के लिए लगभग 40 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इनमें इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस एजेंसियां शामिल हैं। मार्च और अप्रैल के दौरान सिलिंडर आपूर्ति में किल्लत के कारण बुकिंग से डिलीवरी तक एक माह तक का समय लग रहा था, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो चुकी है।
नए कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे
हालांकि, नए कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं। वहीं दो सिलिंडर वाले उपभोक्ताओं को भी 35 दिन बाद बुकिंग और उसके सात से आठ दिन बाद आपूर्ति मिल रही है। ऐसे में नए मकानों में शिफ्ट हुए परिवारों और किराएदारों को गैस कनेक्शन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसियों के कई चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें यही जवाब मिलता है कि ऊपर से नए कनेक्शन पर रोक है।
ट्रांसफर में भी हो रही देरी
बाहर से भोपाल आए उपभोक्ताओं को अपने पुराने एलपीजी कनेक्शन ट्रांसफर कराने में भी समय लग रहा है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि घरेलू सिलिंडरों की उपलब्धता सामान्य है, लेकिन नए कनेक्शन पर रोक और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया के कारण ट्रांसफर में देरी हो रही है।
पीएनजी को बढ़ावा देने की तैयारी
एलपीजी कनेक्शनों पर रोक की एक बड़ी वजह पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) को बढ़ावा देना भी माना जा रहा है। जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां तेजी से कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार पिछले तीन महीनों में करीब चार हजार पीएनजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।
पीएनजी लेने वाले उपभोक्ताओं को एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा। यदि उपभोक्ता ऐसा नहीं करते हैं तो कंपनियां स्वयं एलपीजी कनेक्शन बंद कर सकती हैं। वर्तमान में चार इमली, न्यू मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है।
जिम्मेदारों का क्या कहना है
"एलपीजी घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। बुकिंग के बाद निर्धारित समय में सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। नए कनेक्शनों पर रोक शासन और गैस कंपनियों के स्तर पर है। हालांकि कनेक्शन ट्रांसफर की प्रक्रिया जारी है।"
- चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक