
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना’ (एमएमएसकेवाई) युवाओं के लिए रोजगार व कौशल विकास का बड़ा माध्यम बन रही है। ऊर्जा विभाग के अंतर्गत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके दो युवाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्थायी नौकरी मिली है।
ग्वालियर की आयुषी दुबे ने कंपनी में ग्रेजुएट इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) प्रशिक्षु के रूप में प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी अनुभव और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन से उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा उत्तीर्ण की व अब कंपनी में जूनियर इंजीनियर के पद पर नियमित सेवाएं दे रही हैं। वहीं भोपाल निवासी विवेक अहिरवार ने कंपनी के आईटी सेल में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग प्राप्त की।
उनके कार्य और लगन से प्रभावित होकर मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने उन्हें ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी (जीईटी) के रूप में नियुक्ति दी। विवेक का कहना है कि योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाया और परिवार को आर्थिक सहयोग देने में सक्षम किया।
योजना के तहत कंपनी आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक पास युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग दे रही है। वर्तमान में कुल 1562 स्वीकृत पदों में से 522 प्रशिक्षुओं की भर्ती हो चुकी है, जबकि 1040 पद अभी रिक्त हैं। इनमें इलेक्ट्रिकल इंजीनियर, लाइनमैन, इलेक्ट्रिशियन, स्टेनो हिंदी-इंग्लिश, कंप्यूटर ऑपरेटर व प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (सीओपीए), सिविल इंजीनियर, आईसीटी सिस्टम मेंटेनेंस, अकाउंट एग्जीक्यूटिव और एचआर एग्जीक्यूटिव के पद शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- MP में हीटवेव को लेकर स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी, दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक सीधी धूप से बचने की सलाह
इच्छुक अभ्यर्थी एमएमएसकेवाई पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने कहा कि योजना युवाओं को औद्योगिक प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड व बेहतर करियर अवसर प्रदान कर रही है।