
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में घरेलू गैस सिलिंडरों की किल्लत के बीच जेके रोड मिनाल स्थित फिनिक्स एचपी गैस एजेंसी पर सिलिंडरों की कालाबाजारी और अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। मामले की सुनवाई एडीएम कोर्ट में लंबित है, लेकिन इस बीच एजेंसी संचालक ने कंपनी द्वारा लगाया गया जुर्माना जमा कर एजेंसी दोबारा बहाल करा ली है। इससे फिर से कालाबाजारी होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग के पूर्व एएसओ बीपी शर्मा की फिनिक्स गैस एजेंसी को एचपीसीएल ने 23 अप्रैल को सस्पेंड किया था। हालांकि, एजेंसी से सिलिंडर वितरण लगातार जारी रहा। अधिकारियों का कहना है कि अटैच एजेंसी के माध्यम से सिलिंडरों की सप्लाई कराई जा रही थी।
जांच में सामने आया कि 25 मार्च से 24 अप्रैल के बीच 418 घरेलू सिलिंडरों की कालाबाजारी की गई। इसके आधार पर एजेंसी पर करीब साढ़े पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसे जमा करने के बाद एजेंसी को फिर से बहाल कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- LPG Connection: अगर आपके पास भी है रसोई गैस कनेक्शन तो इस सुविधा का मुफ्त में लाभ उठाएं
खाद्य विभाग की जांच में एजेंसी पर कई गंभीर गड़बड़ियां मिली थीं। आरोप है कि उपभोक्ताओं को सीधे सिलिंडर देने के बावजूद उनसे 34 रुपये होम डिलीवरी शुल्क वसूला गया। इससे हर महीने करीब दो लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली की गई। वहीं, 15 अप्रैल को 250 से अधिक ऑनलाइन बिल जनरेट कर 16 अप्रैल के ऑफलाइन बिल जारी किए गए।
इसके अलावा बिना सिलिंडर पहुंचाए उपभोक्ताओं को डिलीवरी मैसेज भेजने, दो हजार छोटे सिलिंडरों के गायब होने और 40 घरेलू सिलिंडर अतिरिक्त मिलने जैसी अनियमितताएं भी सामने आई हैं।
पिछले तीन दिनों से एजेंसी से फिर सिलिंडर वितरण शुरू होने के कारण उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। आरोप है कि उपभोक्ताओं को 34 रुपये का होम डिलीवरी रिबेट भी नहीं दिया जा रहा।
जारी किए गए नोटिस
फिनिक्स एजेंसी को लेकर एचपी के सेल्स अधिकारी शैलेंद्र सोढा और एजेंसी संचालक बीपी शर्मा को नोटिस दिए गए हैं। एडीएम कोर्ट में मामला चल रहा है। जिसमें आदेश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।- चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक, भोपाल