
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में पुलिस की नाकेबंदी, सघन पेट्रोलिंग और सुरक्षा के तमाम दावों के बावजूद शहर में लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पिपलानी थाना क्षेत्र का है, जहां बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस की मुस्तैदी को धता बताते हुए महज कुछ ही घंटों के अंतराल में दो अलग-अलग लूट की वारदातों को अंजाम दिया।
हैरानी की बात यह है कि लोधी समाज के सम्मेलन के मद्देनजर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से भारी पुलिस बल तैनात है, फिर भी बदमाश बड़ी आसानी से मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
पिपलानी पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर लूट की पहली घटना घटी। 29 वर्षीय सुनील साहू, जो निजी कार्य करते हैं, दोपहर के समय किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। जब तक सुनील संभल पाते और शोर मचाते, बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
दोपहर की वारदात के बाद पुलिस अभी सुराग तलाश ही रही थी कि रात होते-होते बदमाशों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया। जांच अधिकारी हरेकृष्ण बैरागी ने बताया कि भरत नगर निवासी 29 वर्षीय शशांक शर्मा, जो पेशे से आईटी इंजीनियर हैं, सोमवार रात क्षेत्र से पैदल गुजर रहे थे।
इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक फोन आया। शशांक फोन पर बात करने के लिए जैसे ही रुके, पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर आए बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल झपटा और रफूचक्कर हो गए। लूटे गए मोबाइल की कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने लोगों के बीच असुरक्षा का भाव पैदा कर दिया है। पैदल चलते समय मोबाइल पर बात करना अब जोखिम भरा लगने लगा है। इधर, पुलिस का दावा है कि आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के हुलिए और उनकी बाइक के नंबर का पता लगाया जा सके। फिलहाल, पिपलानी थाना पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।