
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: मुस्लिम युवक द्वारा पहचान छिपाकर हिंदू युवती को प्रेम जाल में फंसाने और उसाका शोषण करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कटाराहिल्स क्षेत्र स्थित बगरौदा औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाला आरोपी आवेश खान ने पड़ोस में रहने वाली एक युवती से 'राजा' बनकर दोस्ती की और फिर उसके अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर शोषण करता रहा।
पीड़ित युवती ने जब इसकी जानकारी हिंदू संगठनों को दी, तब उन्होंने आरोपी को पकड़ा और कटाराहिल्स पुलिस के हवाले कर शिकायत की। पुलिस ने आरोपी युवक पर एफआईआर दर्ज कर ली है। उसके मोबाइल से एक पीड़िता के अलावा अन्य दो युवतियों के वीडियो भी मिले हैं, जो उसकी परिचित युवतियों के बताए जा रहे हैं।
कटाराहिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे ने बताया कि 21 वर्षीय आवेश खान मूलत: हापुड़, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह बीते करीब छह साल से भोपाल के कटाराहिल्स में रहते हुए फैक्ट्री में काम करता था। उसी फैक्ट्री में काम करने वाले एक युवक से उसका परिचय हुआ। आवेश ने उस युवक की बहन से राजा बनकर दोस्ती की और इसी फर्जी नाम के सहारे उसने एक युवती को प्रेम जाल में फंसाया और फिर डरा-धमकाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
वहीं जब युवती को उसकी सच्चाई पता चली और उसने दूरी बनानी चाही, तो आवेश अपनी असली पहचान पर उतर आया। उसने युवती को धमकी दी कि यदि उसने उसकी बातें नहीं मानीं या पुलिस को कुछ बताया, तो वह इन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने घेराबंदी कर आवेश खान को उस समय पकड़ा जब वह पीड़िता से मिलने पहुंचा था। पकड़े जाने के बाद जब उसकी तलाशी ली गई और मोबाइल खंगाला गया, तो कार्यकर्ताओं के होश उड़ गए। आरोपी के फोन में कई युवतियों के अश्लील वीडियो और चैट मिले हैं।
यह भी पढ़ें- सात फेरों का खूनी अंत: ग्वालियर में पारिवारिक कलह में पति ने पत्नी को गोलियों से भून डाला
थाना प्रभारी सुनील दुबे का कहना है कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार किया। साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्यों को एकत्रित किया और 15 घंटे के भीतर आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। फिलहाल आरोपी के मोबाइल में रिकॉर्ड वीडियो में तीन युवतियों की पहचान हो सकी है। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए मोबाइल भेजा है।