भोपाल के महिला अस्पताल में बदहाली, महीनों से बंद लिफ्टें... लाखों की ऑक्सीजन लाइन भी हुई कबाड़
MP News: इंदिरा गांधी बाल एवं महिला गैस राहत अस्पताल में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि यहां लगी सभी लिफ्टें कई महीनों से बंद हैं। भारी पेट के साथ अस्पता ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 01 Feb 2026 07:45:08 PM (IST)Updated Date: Sun, 01 Feb 2026 07:45:08 PM (IST)
भोपाल के इंदिरा गांधी बाल एवं महिला गैस राहत अस्पताल में गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आई हैं।HighLights
- लिफ्ट सुधार पर खर्च हुए लाखों रुपए
- ऑक्सीजन पाइपलाइन आपात में भी बेकार
- मरीजों की सुरक्षा पर मंडराता खतरा
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: राजधानी भोपाल के इंदिरा गांधी बाल एवं महिला गैस राहत अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खुलती नजर आ रही है। अस्पताल में लगी सभी लिफ्टें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिससे गर्भवती महिलाओं और प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि हाल ही में लिफ्ट सुधार के नाम पर लाखों रुपए खर्च किए गए थे।
मरीजों और परिजनों को भारी दिक्कत
लिफ्ट बंद होने के कारण न सिर्फ मरीजों को, बल्कि उनके साथ आए परिजनों को भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में मरीजों को सहारे के बिना सीढ़ियां चढ़ना पड़ता है, जिससे हादसे का खतरा भी बना रहता है।
बजट खर्च, लेकिन सुविधाएं नदारद
हैरान करने वाली बात यह है कि हाल ही में केंद्र सरकार से प्राप्त बजट में से लाखों रुपए अस्पताल की लिफ्टों के सुधार और रखरखाव के नाम पर खर्च किए गए थे। कागजी रिकॉर्ड में लिफ्टों को दुरुस्त बताया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि मरीजों के लिए ये लिफ्टें आज भी बंद पड़ी हैं।
ऑक्सीजन पाइपलाइन बनी शो-पीस
अव्यवस्था सिर्फ लिफ्टों तक सीमित नहीं है। मरीजों की जान बचाने के उद्देश्य से लाखों रुपए खर्च कर अस्पताल में ऑक्सीजन पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन यह सुविधा भी केवल शो-पीस बनकर रह गई है। आपात स्थिति में ऑक्सीजन लाइन काम नहीं करती, जिससे गंभीर मरीजों की जान पर हमेशा खतरा बना रहता है।
व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल
अस्पताल की इन अव्यवस्थाओं ने प्रशासन और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों की सुविधा के लिए जारी बजट का सही उपयोग न होने से अस्पताल की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है।
यह भी पढ़ें- Budget 2026: बजट में MP-CG पर खास फोकस, ODOP, किसानों और महिलाओं को मिलेगा लाभ
अस्पताल की लिफ्ट और ऑक्सीजन लाइन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी मिली है। अधीक्षक से चर्चा कर जल्द ही इन समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
- CMO, गैस राहत विभाग, भोपाल