नवरात्रि के पहले दिन 'बरसा' धन, शुभ मुहूर्त में भोपाल में जमकर बिकी प्रॉपर्टी, एक दिन में हुईं 653 रजिस्ट्रियां
हिंदू नववर्ष व चैत्र नवरात्र के शुभ मुहूर्त में गुरुवार को रियल एस्टेट बाजार में उछाल देखने को मिला। पहले ही दिन पंजीयन कार्यालयों में प्रॉपर्टी के खर ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 20 Mar 2026 04:53:28 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Mar 2026 04:55:17 AM (IST)
भोपाल में नवरात्र के शुभ मुहूर्त में हुईं 653 रजिस्ट्रियां (फाइल फोटो)HighLights
- नवरात्र के शुभ मुहूर्त में हुईं 653 रजिस्ट्रियां, सात करोड़ मिले
- पंजीयन कार्यालयों में प्रॉपर्टी के खरीदारों की उमड़ी भीड़
- 31 मार्च तक प्रतिदिन 600 से अधिक रजिस्ट्रियों की उम्मीद
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हिंदू नववर्ष व चैत्र नवरात्र के शुभ मुहूर्त में गुरुवार को रियल एस्टेट बाजार में उछाल देखने को मिला। पहले ही दिन पंजीयन कार्यालयों में प्रॉपर्टी के खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिन्होंने शुभ मुहूर्त का लाभ उठाते हुए वर्तमान दरों पर प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवाईं हैं। बता दें कि जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रॉपर्टी के दामों में वृद्धि करने की चर्चा भी तेज हो गई है और जल्द ही प्रस्ताव पर शासन की सहमति के बाद एक अप्रैल से नई दरें लागू हो जाएंगी।
जानकारी के अनुसार आइएसबीटी,परी बाजार और बैरसिया स्थित पंजीयन कार्यालयों में गुरुवार सुबह 10 बजे से लोग प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवाने के लिए पहुंचने लगे थे। सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक शुभ मुहूर्त में करीब 400 दस्तावेज रजिस्टर्ड किए गए, जबकि शाम छह बजे तक कुल 653 रजिस्ट्रियां हुई। इनसे पंजीयन विभाग को करीब सात करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिनों में लोग वर्तमान प्रॉपर्टी की दरों पर रजिस्ट्री करवा रहे हैं तो ऐसे में नवरात्र शुरू होने पर लोगों की संख्या बढ़ गई है।
उम्मीद है कि 31 मार्च तक प्रतिदिन 600 से अधिक रजिस्ट्रियां होंगी, जिनसे विभाग को अच्छा राजस्व मिलेगा। इसके लिए प्रति सब रजिस्ट्रार स्लाट की संख्या 60 से 65 कर दी गई है, जिससे 13 सब रजिस्ट्रार एक दिन में 800 रजिस्ट्री कर सकेंगे। भूखंड और आवास के अधिक सौदे नवरात्र के शुभ मुहूर्त में लोग भूखंड और आवास की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- MP में मदरसा संचालक के पोते ने अपनाया सनातन धर्म, बोले- अन्य को भी घर वापसी के लिए करूंगा प्रेरित
ऐसे में गुरुवार को सबसे अधिक रजिस्ट्री इन्हीं प्रॉपर्टी की हुई हैं, जिनमें 40 से 50 प्रतिशत मकानों की रजिस्ट्रियां शामिल हैं। विभाग लोगों की सुविधा के लिए अवकाश के दिन शनिवार-रविवार को भी पंजीयन कार्यालय खोल रहा है, जिससे कि लोग अपने समयानुसार प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवा सकें।