
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। होली खुशियों और रंगों का त्योहार है, लेकिन इन रंगों में मौजूद केमिकल त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में होली खेलने से पहले और बाद में सही देखभाल बेहद जरूरी है। शहर के स्किन स्पेशलिस्ट का कहना है कि कुछ आसान सावधानियां अपनाकर रूखेपन, एलर्जी और जलन जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार होली खेलने से पहले त्वचा और बालों पर नारियल, बादाम या जैतून का तेल अच्छी तरह लगाएं, ताकि रंग त्वचा में गहराई तक न चिपके। इसके बाद गाढ़ा मॉइश्चराइजर लगाएं, जिससे त्वचा में नमी बनी रहे और रैशेज की समस्या न हो।
धूप से बचाव के लिए बाहर निकलने से पहले कम से कम एसपीएफ 30 वाला सनस्क्रीन जरूर लगाएं। आंखों, होंठों, नाखूनों और हेयरलाइन पर पेट्रोलियम जेली लगाना फायदेमंद रहता है, क्योंकि ये हिस्से ज्यादा संवेदनशील होते हैं।
साथ ही फुल स्लीव कपड़े पहनें और आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मे का उपयोग करें। होली से 3-5 दिन पहले वैक्सिंग, फेशियल या अन्य केमिकल ट्रीटमेंट कराने से बचना चाहिए।
होली के बाद त्वचा को रगड़कर साफ करने की बजाय धीरे-धीरे साफ करें। पहले तेल या कच्चे दूध से हल्की मसाज करें, फिर गुनगुने पानी और माइल्ड क्लींजर से धो लें। तुरंत स्क्रब न करें, 24 घंटे बाद हल्का एक्सफोलिएशन करें।
त्वचा पर एलोवेरा, गुलाबजल या खीरे का जेल लगाएं और अंत में गाढ़ी मॉइश्चराइजिंग क्रीम से नमी वापस लाएं। बालों में पहले तेल लगाकर माइल्ड शैंपू और कंडीशनर का उपयोग करें। जरूरत हो तो हेयर मास्क भी लगाएं।
हर्बल या प्राकृतिक रंगों का ही इस्तेमाल करें। होली के दौरान भरपूर पानी पिएं। तुरंत स्क्रब, ब्लीच या केमिकल ट्रीटमेंट न करवाएं। यदि ज्यादा खुजली, रैशेज या जलन हो तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें। कुछ दिनों तक नियमित रूप से मॉइश्चराइजर लगाकर त्वचा की नमी बनाए रखें।
होली में केमिकल रंग त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए रंग खेलने से पहले नारियल या जैतून का तेल, माइश्चराइजर और एसपीएफ 30 सनस्क्रीन जरूर लगाएं। बाद में माइल्ड क्लींजर से स्किन को साफ करें और एलोवेरा जेल लगाएं। जलन या रैशेज होने पर तुरंत डाक्टर से सलाह लें।
- नैन्सी अमराल अल्फांसो, स्किन एक्सपर्ट
होली के आर्टिफिशियल रंगों में मौजूद केमिकल त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे खुजली, जलन और एलर्जी हो सकती है। होली से पहले तेल या माइश्चराइजर लगाएं, हर्बल रंगों का उपयोग करें और बाद में त्वचा को हल्के साबुन से साफ कर दोबारा माइश्चराइजर जरूर लगाएं।
डॉ. नितिन पांडे, स्किन स्पेशलिस्ट