नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। अवैध कफ सिरप निर्माण और तस्करी मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है।
मामले के मुख्य आरोपित अंकित कुशवाह को गिरफ्तार कर सोमवार को विशेष न्यायाधीश मुकेश मलिक की अदालत में पेश किया गया।
जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। एसटीएफ के अनुसार, अंकित इस अवैध नेटवर्क का मुख्य संचालक है।
रिमांड के दौरान उससे कफ सिरप के निर्माण, पैकेजिंग, भंडारण, वित्तीय लेनदेन और विभिन्न राज्यों में होने वाली सप्लाई चेन के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने जेल में बंद छह अन्य आरोपित की रिमांड भी मंजूर कर ली है, ताकि मुख्य आरोपित के साथ उनका आमना-सामना कराकर नए तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
गौरतलब है कि इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने के बाद एसटीएफ अब तक कुल 20 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच एजेंसी को आशंका है कि इस गिरोह के तार प्रदेश के कई जिलों सहित अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं। फिलहाल, एसटीएफ पूरे नेटवर्क और इसके वित्तीय स्रोतों की गहन पड़ताल कर रही है।