
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। कफ सीरप की अवैध रिफिलिंग और रिपैकिंग कर नशे के लिए प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति करने के मामले में एसटीएफ ने मुख्य आरोपित राहुल कुशवाह को केरल के त्रिवेंद्रम से गिरफ्तार किया है। वह दिल्ली और हरिद्वार से कफ सीरप मंगाकर उसका नशे के लिए अवैध कारोबार करता था। एसटीएफ ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पूछताछ के लिए राहुल को 27 जून तक पुलिस हिरासत में लिया गया है। साथ ही न्यायिक हिरासत में भेजे गए छह अन्य आरोपितों को फिर से पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
अब इन सभी को एक साथ बैठाकर भी पूछताछ की जाएगी। मामले में अभी तक 17 आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। बता दें कि एसटीएफ ने 29 मई को भोपाल के पटेल सिटी स्थित के एक मकान में छापा मारा था, जहां से 49 हजार 920 बाटल आनरेक्स सीरप जब्त किए थे।
तीन नाबालिग सहित 10 आरोपितों को उसी दिन गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ के आधार पर अगले दिन भोपाल में ही मुबारकपुर से आफ-कफ सीरप की 23 हजार 125 बाटल जब्त की थी।
दोनों जगह इस अवैध कारोबार का मालिक राहुल कुशवाह था। वह पहले दिन से फरार था। एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि राहुल ने अर्जुन मालवीय के साथ मिलकर एक डमी फर्म बनाई थी जो अर्जुन ट्रेडर्स के नाम से थी। अर्जुन के दस्तावेज से यह फर्म खोली गई थी।
इसी तरह से बालकृष्ण प्रजापति के साथ मिलकर विंग्स लाइफ रेमेडीज नाम से मंडीदीप में उसके नाम से एक डमी फर्म बनाई थी। अर्जुन मालवीय और बालकृष्ण को एसटीएफ पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि डमी फर्मों के माध्यम से दिल्ली से आनरेक्स और हरिद्वार से आफ-कफ सीरप मंगाकर आरोपित इनकी रिफिलिंग और रिपैकिंग करते थे। सीरप के बाटल पर नया रैपर चस्पा करते थे, जिसमें बैच नंबर और एक्सपायरी नहीं रहती थी। इसे सतना, रीवा सहित अन्य जिलों में सप्लाई किया जाता था। सप्लाई का नेटवर्क भी राहुल ने खड़ा किया था। मालवाहक ट्रक से सीरप की सप्लाई की जाती थी।