
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ऐशबाग क्षेत्र में निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय को लेकर रेलवे और नगर निगम आमने-सामने आ गए हैं। नगर निगम ने रेलवे पर निगम की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए सीमा दीवार हटाने को कहा है। निगम प्रशासन ने रेलवे को पत्र भेजकर चेतावनी दी है कि यदि दीवार नहीं हटाई गई तो नगर निगम इसको लेकर कार्रवाई करेगा। इसको लेकर नवदुनिया सात मई के अंक में निगम ने बिना जमीन जांचे बनाया शौचालय, रेलवे ने खड़ी कर दी दीवार शीर्षक के साथ समाचार भी प्रकाशित किया था।
इसके बाद अब नगर निगम ने जमीन को लेकर रेलवे को पत्र लिखा है। ऐशबाग क्षेत्र स्थित बाग उमराव दूल्हा में नगर निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। करीब पांच लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस शौचालय के सामने रेलवे ने यह बताते हुए दीवार खड़ी कर दी है कि वह जमीन रेलवे की है। दीवार खड़ी होने से शौचालय तक जाने का रास्ता बंद हो गया है। इसको लेकर रेलवे ने दावा किया था कि उसकी जमीन पर नगर निगम ने बिना अनुमति के शौचालय का निर्माण किया है।
वहीं, अब निगम प्रशासन ने इस जमीन पर अपना दावा ठोकते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल अभियंता (सेन्ट्रल) को पत्र लिखा है। पत्र में निगम प्रशासन ने लिखा है कि जिस जमीन पर निर्माण किया जा रहा है वह निगम स्वामित्व की है। इसके बावजूद रेलवे ने बिना अनुमति सीमा दीवार खड़ी कर निर्माण स्थल और आसपास की जमीन को अपने कब्जे में ले लिया। नगर निगम के अनुसार, खसरा नंबर 1081(5) रकबा 0.1130 हेक्टेयर और खसरा नंबर 1082(5) रकबा 0.0160 हेक्टेयर भूमि म्युनिसिपल बोर्ड के नाम दर्ज है। कुल 0.1290 हेक्टेयर यानी 12,163 वर्गफीट भूमि पर यूरिनल भवन का निर्माण किया गया है।
यह भी पढ़ें- MP में निकाय चुनावों के लिए परंपरागत राह छोड़ नई दिशा में भाजपा, सोशल मीडिया पर सक्रियता बनेगी उम्मीदवारी का पैमाना
निगम का कहना है कि रेलवे ने बिना अनुमति दीवार बनाकर रास्ता बंद कर दिया, जिससे आम लोगों की पहुंच प्रभावित हो रही है। निगम ने पत्र में उल्लेख किया है कि यदि रेलवे विभाग द्वारा उक्त सीमा दीवार को तत्काल नहीं हटाया गया तो निगम द्वारा मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी रेलवे की होगी।