हवाई सफर पर युद्ध का साया, भोपाल से नियमित किराया बढ़ा, लो-फेयर स्कीम बंद
हवाई सफर पर भी युद्ध का साया मंडराने लगा है। एटीएफ के दाम बढ़ने के कारण एयर इंडिया के बाद इंडिगो ने भी फ्यूल सरचार्ज लगाना शुरू कर दिया है। इस बार एयर ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 15 Mar 2026 03:33:07 AM (IST)Updated Date: Sun, 15 Mar 2026 06:44:44 AM (IST)
हवाई सफर पर युद्ध का साया, भोपाल से नियमित किराया बढ़ाHighLights
- युद्ध की वजह से भोपाल से नियमित किराया बढ़ा
- एयर टर्बाइन फ्यूल के दाम बढ़ गए हैं
- मार्च माह में नहीं मिलेगी लो-फेयर स्कीम
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हवाई सफर पर भी युद्ध का साया मंडराने लगा है। अब सस्ते किराये में टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। एटीएफ के दाम बढ़ने के कारण एयर इंडिया के बाद इंडिगो ने भी ईधन अधिभार लगाना शुरू कर दिया है। इस बार एयरलाइंस कंपनियों ने लो फेयर स्कीम भी जारी नहीं की गई है। भोपाल से हैदराबाद, बेंगलुरु एवं पुणे तक मनमाना किराया लिया जा रहा है।
मिडिल ईस्ट युद्ध के कारण क्रूड यानी कच्चे तेल के दाम आसमान छू रहे हैं। इसी कारण एयर टर्बाइन फ्यूल के दाम बढ़ गए हैं। दो दिन पहले एयर इंडिया ने अंतराष्ट्रीय रूट पर फ्यूल सरचार्ज लगाने की घोषणा की थी। अब डोमेस्टिक उड़ानों पर सरचार्ज लगना शरू हो गया है। देश की प्रमुख एयरलाइंस इंडिगो ने 425 रूपये से 2300 रुपये तक फ्यूल सरचार्ज लगाना शुरू किया है। इसका असर किराये में बढ़ोतरी के रूप में यात्रा करने वालों पर ही पड़ेगा।
लो-फेयर स्कीम का लाभ नहीं
आमतौर पर एयरलाइंस कंपनियां होली के कुछ समय बाद लो फेयर स्कीम जारी करती हैं। इसके तहत 30 दिन से अधिक समय पहले बुकिंग कराने पर सस्ते टिकट मिलते हैं। इस बार युद्ध के माहौल के कारण किसी भी कंपनी ने ऐसी स्कीम जारी नहीं की है। भोपाल से वर्तमान में एयर इंडिया एवं इंडिगो दो ही एयरलाइंस ऑपरेटर हैं। दोनों ने किराये में बढ़ोतरी की है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी का कहना है कि किराया तय करना एयरलाइंस का अधिकार है। वैश्विक परिस्थितियों के अनुसार किराया तय किया जाता है। कई बार बुकिंग कम होने पर किराया कम कर दिया जाता है। बुकिंग बढ़ने पर अंतिम समय में किराया बढ़ भी जाता है। भोपाल से इंडिगो की सर्वाधिक 14 जोड़ी उड़ाने हैं। एयर इंडिया तीन जोड़ी उड़ानों का संचालन कर रहा है।
यह भी पढ़ें- MP में गैस संकट पर सरकार सख्त... 11 ठिकानों पर मारे छापे, 228 गैस सिलिंडर किए जब्त, निगरानी के लिए समिति गठित
भोपाल से विभिन्न शहरों का किराया
एक नजर में शहर स्पॉट फेयर, 15 दिन प्री-बुकिंग फेयर
दिल्ली 9532 रुपये 4597 रुपये
मुंबई 8010 रुपये 5296 रुपये
हैदराबाद 17600 रुपये 6649 रुपये
बेंगलुरु 13169 रुपये 7115 रुपये
अहमदाबाद 7700 रुपये 5289 रुपये
पुणे 11284 रुपये 5571 रुपये
रायपुर 8473 रुपये 6223 रुपये
गोवा 11813 रुपये 7769 रुपये
नोट- किराया ट्रेवल्स एजेंटो से प्राप्त जानकारी के अनुसार।
किराया अंतिम समय में कम या अधिक हो सकता है।