
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गर्मी के मौसम में भोपाल के निवासियों को आइसक्रीम के बाजार में एक नया स्थानीय और किफायती विकल्प मिलने जा रहा है। प्रदेश के डेयरी ब्राण्ड सांची ने इंदौर में मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद अपनी रियल मिल्क आइसक्रीम की श्रृंखला को भोपाल में पेश किया है। इससे शहर के उपभोक्ताओं को शुद्ध दूध से बनी आइसक्रीम अपने नजदीकी बिक्री केंद्रों पर आसानी से उपलब्ध होगी।
भोपाल के उपभोक्ताओं के लिए यह विस्तार केवल नए स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि गुणवत्ता और कीमत दोनों के लिहाज से लाभदायक है। बाजार में पहले से मौजूद कई ब्राण्डों की तुलना में सांची की आइसक्रीम लगभग 8 से 10% तक कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे परिवारों को बेहतर विकल्प के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
सांची की आइसक्रीम रियल मिल्क आधारित है, यानी इसके निर्माण में शुद्ध दूध का उपयोग किया गया है। ऐसे समय में जब उपभोक्ता केवल स्वाद नहीं बल्कि गुणवत्ता और भरोसेमंद उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं, यह कदम राजधानी के बाजार में एक नया विकल्प जोड़ता है।
भोपाल के परिवारों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आइसक्रीम को तीन श्रेणियों में उपलब्ध कराया गया है- टेक होम पैक, इम्पल्स रेंज (कप, कोन और कैंडी) तथा बड़े आयोजनों के लिए गैलन पैक। इससे घरों से लेकर पार्टियों और समारोहों तक हर अवसर के लिए विकल्प मौजूद रहेंगे।
स्वाद के स्तर पर भी उपभोक्ताओं को विविधता मिलेगी। केसर पिस्ता, चॉकलेट, स्ट्रॉबेरी, वेनिला, मैंगो और बटर स्कॉच जैसे फ्लेवर बाजार में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मध्य प्रदेश को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन के अनुसार, इंदौर में मिले बेहतर प्रतिसाद के बाद भोपाल में इसकी उपलब्धता बढ़ाई गई है। इससे राजधानी के उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर तैयार गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पाद का नया विकल्प मिलेगा, वहीं प्रदेश के सहकारी दुग्ध क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।