
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी सहित पूरे मध्य प्रदेश में गर्मी ने मई के आखिरी सप्ताह में ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ गया है। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार अगले कई दिनों तक राहत मिलने की संभावना नहीं है। ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और उज्जैन संभाग में हीटवेव का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है।
प्रदेश में शनिवार को 42 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया। टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं ग्वालियर सहित 21 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 31 मई तक गर्मी अपने चरम पर रहेगी और तापमान में अधिक बढ़ोतरी हो सकती है।
अधिकांश शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। छतरपुर का नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। खजुराहो 45.4 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। दतिया में 44.3 डिग्री, जबलपुर, दमोह, शाजापुर और टीकमगढ़ में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। भोपाल में 41.6 डिग्री, इंदौर में 41 डिग्री, जबकि ग्वालियर और उज्जैन में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के तीन जिले टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि 21 जिलों में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोक नगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, niwadi, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, मऊगंज और रीवा में तेज लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा 18 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है, जिनमें भोपाल, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर शामिल हैं। इनके साथ ही 13 जिलों में इंदौर, देवास, धार, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया है।