
अंजली तोमर, नईदुनिया, भोपाल। उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ मेला 2028 को लेकर रेलवे ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आने वाले समय में सिंहस्थ के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के उज्जैन और मध्य प्रदेश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने भोपाल जंक्शन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की योजना तैयार की है। इसी के तहत भोपाल रेलवे स्टेशन पर तीसरा फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ब्रिज बीना छोर की ओर तैयार होगा, जिसकी लंबाई करीब 156 मीटर और चौड़ाई 6 मीटर होगी। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत लगभग 20 करोड़ रुपए तय की गई है। फिलहाल यह योजना प्रक्रिया में है और सिंहस्थ शुरू होने से पहले इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रेलवे द्वारा बनाए जाने वाले इस नए फुटओवर ब्रिज को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है ताकि यात्रियों की आवाजाही पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित हो सके। यह ब्रिज प्लेटफार्म नंबर-एक को स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से जोड़ेगा, वहीं प्लेटफार्म नंबर-छह से होल्डिंग एरिया तक सीधा कनेक्शन भी दिया जाएगा। इसके दोनों ओर बड़े वेटिंग और होल्डिंग एरिया तैयार किए जाएंगे, जहां भारी भीड़ के दौरान यात्रियों को सुरक्षित तरीके से रोका और व्यवस्थित किया जा सकेगा। रेलवे का मानना है कि सिंहस्थ के दौरान स्टेशन पर अचानक बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में यह ब्रिज काफी मददगार साबित होगा। साथ ही सामान्य दिनों में भी रोजाना करीब 15 हजार यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए सिर्फ फुटओवर ब्रिज ही नहीं, बल्कि स्टेशन की पूरी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है। प्लेटफार्म विस्तार, अतिरिक्त प्रतीक्षालय, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री मार्गदर्शन और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजना बनाई जा रही है। स्टेशन परिसर में ऐसे होल्डिंग एरिया विकसित किए जाएंगे, जहां जरूरत पड़ने पर यात्रियों को सुरक्षित तरीके से रोका जा सके। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती भी की जाएगी। रेलवे का उद्देश्य है कि सिंहस्थ के दौरान भोपाल स्टेशन पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव मिल सके।
सिंहस्थ मेला 2028 को लेकर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भोपाल रेलवे स्टेशन पर 20 करोड़ रुपए की लागत से नया फुटओवर ब्रिज, वेटिंग और होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे, जिससे लाखों यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। - नवल अग्रवाल, पीआरओ, भोपाल
यह भी पढ़ें- राजगढ़ में बिल भुगतान को लेकर विवाद, सीएमओ ने अध्यक्ष पुत्र और प्रतिनिधि पर लगाया मारपीट का आरोप