भोपाल में चर्म रोग के मरीज को सार्वजनिक टंकी से पानी पीने पर रोका, विरोध किया तो बदमाश ने मारा चाकू
टीलाजमालपुरा क्षेत्र में एक बदमाश ने चर्म रोग के पीड़ित पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित युवक शाहजहांनाबाद में सार्वजनिक पानी की टंकी से पानी पी रहा था ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 24 Mar 2026 10:25:32 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Mar 2026 10:25:32 PM (IST)
सार्वजनिक टंकी से पानी पीने से रोकने पर विवाद। (एआई से जेनरेट किया गया इमेज)HighLights
- चर्म रोग के मरीज को सार्वजनिक टंकी से पानी पीने पर रोका।
- आदतन अपराधी ने चर्म रोग के मरीज पर किया जानलेवा हमला।
- पेट और शरीर के अन्य हिस्से में घाव है, अस्पताल में इलाज जारी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। टीलाजमालपुरा क्षेत्र में एक बदमाश ने चर्म रोग के पीड़ित पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित युवक शाहजहांनाबाद में सार्वजनिक पानी की टंकी से पानी पी रहा था, ये बदमाश को नागवार गुजरा और उसने पीड़ित से पानी पीने से मना कर दिया।
इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, फिर अगले दिन जब उनका आमना-सामना हुआ तो बदमाश ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आदतन अपराधी ने किया जानलेवा हमला
टीलाजमालपुरा पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसकी तलाशी शुरू कर दी है। एसआइ बीपी विश्वकर्मा ने बताया कि 26 वर्षीय दानिश शेख इंद्रा नगर में रहकर बैट्री ऑटो चलाता है।
वह चर्मरोग से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। उसी क्षेत्र में रहने वाला भय्यू उर्फ आवेश प्राइवेट काम करता है। वह आदतन अपराधी है और उस पर सात केस पूर्व के दर्ज हैं।
विवाद के बाद अगले दिन चाकूबाजी
दानिश ने शिकायत में बताया कि वह रविवार दोपहर को शाहजहांनाबाद स्थित पानी की टंकी से पानी पी रहा था। इसी दौरान भय्यू आया और बोला कि वह यहां से पानी न पिये क्योंकि उसे बीमारी है। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
अगले दिन सोमवार को दोनों का इंद्रा नगर में आमना-सामना हुआ तो फिर से उस बात पर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान भय्यू ने दानिश पर चाकू से हमला कर दिया। उसके पेट और शरीर के अन्य हिस्से में घाव है और अस्पताल में इलाज जारी है।