_202624_1222.webp)
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बनाने और तनाव कम करने के उद्देश्य से हर साल प्रधानमंत्री का ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस बार यह कार्यक्रम छह फरवरी को आयोजित किया जाएगा। इसमें मध्यप्रदेश से एक विद्यार्थी का चयन किया गया है, जो प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा।
जबलपुर जिले के एक विद्यार्थी का चयन प्रधानमंत्री से सवाल पूछने के लिए किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम को लेकर प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में विद्यार्थियों को सामूहिक रूप से कार्यक्रम से जोड़ा जाए और उन्हें परीक्षा से जुड़े सुझावों और मार्गदर्शन से अवगत कराया जाए।

छह फरवरी को सुबह 10 बजे से इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए सभी स्कूलों में लाइव प्रसारण की समुचित व्यवस्था की जाए। विभागीय अधिकारी ने बताया कि परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनाव मुक्त रखते हुए आत्मविश्वास के साथ तैयारी के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद करेंगे और परीक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और परीक्षा को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार होगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के छात्र आयुष तिवारी को पीएम मोदी से 'परीक्षा पे चर्चा' करने का मिला मौका, प्रधानमंत्री से पूछा अपना सवाल
विभाग ने स्कूलों को निर्देशित किया है कि 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से शुरू होंगी। वहीं 5वीं व 8वीं की बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से आयोजित होंगी। स्कूलों को निर्देशित किया गया है कि विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित किया जाए। विभाग ने शिक्षकों को भी विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं समझने और समाधान देने के निर्देश दिए हैं।