'TET की अनिवार्यता खत्म हो और रद्द हो ई-अटेंडेंस': 3 सूत्रीय मांगों को लेकर भोपाल में अड़े प्रदेशभर के शिक्षक
सेवारत शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग को लेकर भोपाल के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना जारी।
Publish Date: Mon, 28 Sep 2026 11:35:41 PM (IST)Updated Date: Mon, 28 Sep 2026 11:35:41 PM (IST)
भोपाल के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना जारी। सौ-आयोजकHighLights
- TET की अनिवार्यता खत्म करने ई-अटेंडेंस खत्म करने की मांग
- भोपाल के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना जारी
- डीपीआई ने आंदोलन में शामिल शिक्षकों की सूची मांगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा मध्य प्रदेश की ओर से शिक्षकों की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर राजधानी के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी है। सोमवार को आंदोलन में जबलपुर संभाग के शिक्षक शामिल हुए।
मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों का निराकरण नहीं करती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। शिक्षकों ने भी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
मांगे पूरी नहीं होने तक चलेगा आंदोलन
मोर्चा संयोजक एवं राज्य शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव ने बताया कि सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता समाप्त करना प्रमुख मांग है। उनका कहना है कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाना चाहिए।
इसके अलावा नवीन शिक्षक संवर्ग की सेवा अवधि की गणना प्रथम नियुक्ति दिनांक से करने की मांग भी रखी गई है।
शिक्षकों ने प्रथम नियुक्ति की तारीख से सेवा अवधि की गणना कर ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण, पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों में वरिष्ठता का लाभ देने की मांग की है। इससे शिक्षकों को उनके वास्तविक सेवाकाल के आधार पर लाभ मिल सकेगा। तीसरी प्रमुख मांग विद्यालयों में लागू ई-अटेंडेंस व्यवस्था को समाप्त करने की है।
डीपीआई ने मांगी आंदोलनकारियों की सूची
इधर, लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने सभी संयुक्त संचालकों को निर्देश देकर अवकाश लेकर आंदोलन में शामिल होने वाले शिक्षकों की सूची मांगी है। विभाग की ओर से आंदोलन में शामिल शिक्षकों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।