
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। राजधानी भोपाल में रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत (Twisha Sharma Death Case Update) का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। अब सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने जांच की दिशा बदल दी है। रिपोर्ट में ट्विशा के सिर, कान और हाथ पर चोटों के निशान मिलने की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार ये चोटें मौत से पहले लगी थीं और इसके बाद वह फांसी के फंदे पर लटकी मिलीं। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि सभी चोटें किसी ठोस वस्तु से लगी थीं। इसके बाद मामला आत्महत्या से आगे बढ़कर हत्या की आशंका की ओर इशारा कर रहा है।
ट्विशा शर्मा की करीबी दोस्त और मिसेज यूनिवर्स इंडिया 2023 माधुरी पटले ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि ट्विशा जैसी आत्मविश्वासी और पढ़ी-लिखी लड़की आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती।
माधुरी ने कहा कि ट्विशा एमबीए कर चुकी थीं, अलग-अलग शहरों में रह चुकी थीं और बेहद जिंदादिल तथा सपोर्टिव इंसान थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसी व्यक्ति के पास परिवार, दोस्त और सपोर्ट सिस्टम मौजूद हो, तो वह आत्महत्या क्यों करेगा। माधुरी पटले फिलहाल यूके में हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में ट्विशा से मुलाकात नहीं हुई थी, लेकिन खबरों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर उन्हें यह मामला संदिग्ध लग रहा है।
मामले में ट्विशा के आखिरी इंस्टाग्राम चैट्स भी सामने आए हैं। यह बातचीत उन्होंने अपनी सहेली मीनाक्षी से मौत से कुछ दिन पहले की थी। चैट में ट्विशा ने लिखा था, “मैं फंस गई हूं यार, तुम मत फंसना। ज्यादा बात नहीं कर सकती। सही समय आने पर कॉल करूंगी।”
VIDEO | London: On the Twisha Sharma death case, Madhuri Patle (Mrs. Universe India 2023 and friend of late Twisha Sharma says, "...Why would anyone today, when you are a model, have done an MBA, lived in different cities and become very confident, not choose other ways to walk… pic.twitter.com/3imEphJueU
— Press Trust of India (@PTI_News) May 18, 2026
यह संदेश पढ़कर मीनाक्षी भी चिंतित हो गई थीं। उन्होंने जवाब में लिखा, “मुझे तुम्हारी चिंता हो रही है। मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं।” इन चैट्स से संकेत मिल रहे हैं कि दिसंबर 2025 में वकील समर्थ सिंह से शादी के बाद ट्विशा मानसिक और शारीरिक तनाव से गुजर रही थीं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट दोस्तों के बयान और सोशल मीडिया चैट्स सामने आने के बाद अब इस मामले की जांच पर सबकी नजर टिकी हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।