
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र के ग्राम छान में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब घर के सामने खेल रही बच्ची के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को रिवर्स किया जा रहा था। ट्रॉली का डाला बच्ची के सिर से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए उसे तत्काल एम्स भोपाल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
ट्रॉली का पिछला हिस्सा उसके सिर से टकरा गया
पुलिस के अनुसार, ग्राम छान निवासी अजय गौड़ मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उनकी सबसे छोटी बेटी कीर्ति गौड़ घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला कमल रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर अंदरूनी रास्ते से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन को रिवर्स करते समय चालक का ध्यान पीछे खेल रही बच्ची पर नहीं गया और ट्रॉली का पिछला हिस्सा उसके सिर से टकरा गया।
उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई
हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। स्वजन उसे तत्काल एम्स भोपाल लेकर पहुंचे, जहां शाम करीब छह बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्वजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि अस्पताल से सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस काफी देर तक नहीं पहुंची और बच्ची का शव लंबे समय तक अस्पताल में ही रखा रहा।
अवैध रेत परिवहन के संबंध में भी जांच की जा रही
हालांकि, मिसरोद थाना प्रभारी विमलेश राय ने बताया कि सूचना मिलते ही एएसआई चेतन गुप्ता को तत्काल एम्स भेज दिया गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार चालक कमल, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अवैध रेत परिवहन के संबंध में भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल-बैरसिया के चोरों ने सीहोर में डाला था डाका, कोतवाली पुलिस ने दबोचा; सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल जब्त